शहर

विदेश में बैठे गैंगस्टर का नेटवर्क ध्वस्त, हिमांशु भाऊ गैंग के दो गुर्गे गिरफ्तार, शूटरों तक पहुंचाते थे पैसे और हथियार

Delhi Crime News: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल से गिरफ्तार दोनों गैंगस्टर विदेश में बैठे हिमांशु भाऊ के इशारे पर काम कर रहे थे और गैंग के शूटरों को पैसे, हथियार और ठहरने की सुविधा मुहैया कराते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से एक पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

Image

हिमांशु भाऊ गैंग के दो गैंगस्टर गिरफ्तार (फोटो साभार- TNN)

Delhi Crime News: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने विदेश में बैठे गैंगस्टर हिमांशु भाऊ के नेटवर्क पर बड़ी चोट करते हुए उसके दो गुर्गों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गाजियाबाद के पसौंडा निवासी 25 साल के मुर्सलीन उर्फ गुल्लू और हरियाणा के भिवानी निवासी 20 साल के नवीन के रूप में हुई है। दोनों विदेश में बैठे हिमांशु भाऊ के इशारे पर काम कर रहे थे और गैंग के शूटरों को पैसे, हथियार और ठहरने की सुविधा मुहैया कराते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से एक पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। स्पेशल सेल की नॉर्दर्न रेंज की टीम ने इंस्पेक्टर अनुज नौटियाल और इंस्पेक्टर चंदन कुमार के नेतृत्व में एसीपी राहुल कुमार सिंह की निगरानी में यह कार्रवाई की।

हिमांशु भाऊ गैंग के दो शूटर गिरफ्तार

पुलिस जांच में सामने आया कि मुर्सलीन जनवरी 2026 में काम के सिलसिले में विशाखापत्तनम गया था, जहां उसकी मुलाकात हिमांशु भाऊ गैंग के दो शूटरों से हुई। ये शूटर दिल्ली-NCR में वारदात करने के बाद वहां छिपे हुए थे। वहीं से मुर्सलीन गैंग के संपर्क में आया। शुरू में वह गैंगस्टर की तरफ से भेजे गए पैसों को शूटरों तक पहुंचाता था और उनके होटलों में रुकने के लिए फर्जी आईडी का इंतजाम करता था। अगस्त 2026 में जब गैंग के कई शूटर गिरफ्तार हो गए, तो हिमांशु भाऊ ने मुर्सलीन को ही शूटर के तौर पर तैयार करना शुरू कर दिया। उसे हथियार भी दिए गए। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी के वक्त वह किसी टारगेट किलिंग या रेकी के निर्देश का इंतजार कर रहा था।

पूछताछ के बाद दूसरे आरोपी को दबोचा

मुर्सलीन से पूछताछ के बाद पुलिस ने दूसरे आरोपी नवीन को भिवानी से पकड़ा। नवीन भी मैसूर में गैंग के शूटरों के संपर्क में आया था। पहले वह अपने बैंक खाते से हिमांशु भाऊ के पैसों को आगे ट्रांसफर करता था, बाद में वह गैंग के लिए हथियार सप्लाई करने लगा। दोनों आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टर से बात करने के लिए इंटरनेट बेस्ड सिक्योर एप और एन्क्रिप्टेड प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते थे। स्पेशल सेल के मुताबिक हिमांशु भाऊ का गैंग लगातार युवाओं को अपने नेटवर्क में जोड़ रहा है। कम पढ़े-लिखे और कम कमाई वाले युवाओं को टारगेट कर कुछ को शूटर तो कुछ को पैसे ट्रांसफर, हथियार पहुंचाने और फरार शूटरों को पनाह देने जैसे कामों में लगाया जा रहा है।

पैसों के लेन-देन के जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार मुर्सलीन ने दूसरी क्लास के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी और पेंटर का काम करता था। कम कमाई से परेशान होकर वह शूटरों की लग्जरी लाइफ देखकर अपराध की दुनिया में आ गया। वहीं नवीन नौवीं के बाद पढ़ाई छोड़कर बढ़ई का काम करता था और पहले भी हत्या के प्रयास के एक मामले में शामिल रहा है। पुलिस अब इनके नेटवर्क, हथियार सप्लाई चेन और पैसों के लेन-देन की जांच में जुट गई है।

Anuj Mishra
अनुज मिश्राauthor

अनुज मिश्रा भारत के अग्रणी क्राइम और इन्वेस्टिगेटिव पत्रकारों में से एक हैं। वह वर्तमान में टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज़ एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। पिछले करीब दो दशकों से अनुज मिश्रा ने अपराध, आंतरिक सुरक्षा और संगठित अपराध से जुड़े मामलों की गहन रिपोर्टिंग और संपादकीय नेतृत्व किया है। उन्होंने सीबीआई, ईडी, आयकर विभाग, एनआईए और खुफिया एजेंसियों से संबंधित बड़ी और संवेदनशील खबरों को नज़दीकी से कवर किया है। अनुज मिश्रा की सबसे बड़ी ताक़त उनकी ग्राउंड रिपोर्टिंग है। हर बड़ी और अहम खबर में वह ग्राउंड ज़ीरो पर मौजूद रहकर घटनाओं की प्रत्यक्ष कवरेज करते रहे हैं। यही कारण है कि उनकी रिपोर्टिंग में जमीनी सच्चाई और तथ्य हमेशा साफ़ झलकते हैं। टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ने से पहले अनुज मिश्रा देश के कई बड़े टेलीविज़न न्यूज़ चैनलों के साथ काम कर चुके हैं, जहां उन्होंने अपनी पत्रकारिता और एडिटोरियल स्किल्स से अलग पहचान बनाई। अनुज ने न केवल देश-विदेश की बड़ी खबरों को जनता तक पहुँचाया है, बल्कि उत्तर प्रदेश की राजनीति और सत्ता गलियारों से जुड़े घटनाक्रमों पर भी पैनी नज़र रखी है। उनकी पत्रकारिता शैली तथ्यपरक, इन्वेस्टिगेटिव और जमीनी हकीकत पर आधारित मानी जाती है। उन्होंने आतंकवाद, संगठित अपराध, ड्रग्स सिंडिकेट, हाई-प्रोफाइल जांच और सियासी घटनाक्रमों पर कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स की हैं, जिन्हें राष्ट्रीय स्तर पर सराहा गया है।

और पढ़ें
End of Article