देश

'चलो दिल्ली...', शशि थरूर ने लोगों से की INDIA ब्लॉक की रैली में शामिल होने की अपील, बोले- हम चुप नहीं रह सकते

INDIA Bloc Rally: कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने लोगों से 'इंडिया' ब्लॉक की ओर से एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली रैली में शामिल होने की अपील की।

Image

कांग्रेस सांसद शशि थरूर

Photo : PTI

INDIA Bloc Rally: कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने गुरुवार को लोगों से 'इंडिया' ब्लॉक की ओर से एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली रैली में शामिल होने की अपील की। उन्होंने मतदाता सूचियों में कथित अनियमितताओं पर चिंता जताते हुए मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग का समर्थन किया।

थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में लोगों से चलो दिल्ली! वोट बचाओ, देश बचाओ! के नारे के तहत रैली में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र की बुनियाद पर सवाल उठ रहे हैं।

उन्होंने कहा, ''हमारे लोकतंत्र की बुनियाद पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। रिपोर्टों से पता चलता है कि देशभर में मतदाता सूचियों से 13 करोड़ नाम हटाए जा सकते हैं। मतदाता सूचियों में अनियमितताओं को लेकर गंभीर चिंताएं उभरी हैं, जिससे हमारी चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता पर बुनियादी सवाल खड़े हो गए हैं।

'हमें चुप नहीं कराया जा सकता'

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, थरूर ने आरोप लगाया कि जवाबदेही की मांग करने वाले नागरिकों को जवाब देने के बजाय बैरिकेडिंग, लाठीचार्ज और हिरासत जैसी कार्रवाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा, ''हमें न तो चुप रहेंगे और न ही हमें चुप कराया जा सकता है। वोट देने का अधिकार हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है और हमें वोट देने के संवैधानिक अधिकार की रक्षा करनी चाहिए।''

राहुल के समर्थन में उतरे शशि थरूर

थरूर ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि राहुल चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को लगातार उठा रहे हैं और सत्ता में बैठे लोगों से जवाब मांग रहे हैं। थरूर ने कहा कि इंडिया ब्लॉक के घटक दल 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक बड़ी रैली और मार्च के लिए जुटेंगे। इस दौरान सरकार से जवाबदेही सुनिश्चित करने और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाई जाएगी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article