पेशेवर पिकलबॉल में पैडल टेस्टिंग उपकरण ने एक समान प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण सुनिश्चित किया है। पैडल टेस्टिंग की यह प्रक्रिया अब जमीनी स्तर पर भी अपनाई जाएगी। हाल ही में गो-नो-गो (GNG) मशीन को खेल की तीन प्रमुख संस्थाओं-डीयूपीआर(DUPR), यूनाइटेड पिकलबॉल एसोसिएशन, और पिकलबॉल टूर्नामेंट्स डॉट कॉम द्वारा पेशेवर और एमेच्योर पिकलबॉल पैडल के लिए आधिकारिक परीक्षण उपकरण के रूप में नामित किया है। यह खेल की प्रगति की दिशा में एक ऐतिहासिक क्षण है, क्योंकि यह मॉर्डन रैकेट स्पोर्ट्स में प्रतिस्पर्धात्मक अखंडता (Competitive Integrity) और डेटा संग्रह (Data Collection) को एमेच्योर लेवल पर भी लागू करेगा।
जैसे-जैसे पिकलबॉल संयुक्त राज्य अमेरिका सहित पूरी दुनिया में लोकप्रिय हो रहा है, वैसे-वैसे इस खेल के उपकरणों खासकर पैडल का मानकों के अनुरूप होना सुनिश्चित करना पहले से कहीं अधिक महत्वपूर्ण हो गया है। उपकरण कंपनियों और खिलाड़ियों की संख्या बढ़ने के साथ यह जरूरी है कि खेल के नियम हर स्तर पर समान रूप से लागू हों। खेल में इस्तेमाल होने वाले पैडल की टेस्टिंग पहले केवल पेशेवर स्तर पर की जाती थी लेकिन अब जमीनी और एमेच्योर(शौकिया) पिकलबॉल टूर्नामेंट्स में भी लागू किया जा रहा है। यूएसए पिकलबॉल के नेतृत्व में उठाया गया यह कदम खेल में निष्पक्षता और अखंडता बनाए रखने के अभियान का हिस्सा है।
इस पहल के तहत DUPR अपने शीर्ष क्लबों और स्वीकृत शौकिया टूर्नामेंट्स में GNG मशीन को लागू करेगा। रेटिंग संस्था की प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि इस फैसले के पीछे मुख्य वजहों में से एक है,इकट्ठा किए गए डेटा का उपयोग उन्नत विश्लेषणात्मक टूल्स में करना, जिससे खिलाड़ियों और पैडल निर्माताओं दोनों के लिए लॉयल्टी और ट्रस्ट स्कोर विकसित किए जा सकें। DUPR के CEO टीटो माचाडो ने कहा,'GNG मशीन के साथ, हम तेज और सटीक तरीके से यह सुनिश्चित कर सकते हैं कि कोर्ट पर उपयोग में लिया जा रहा हर पैडल डिफ्लेक्शन मानकों को पूरा करता है। हमारा उद्देश्य एक ऐसा समान प्रतिस्पर्धात्मक माहौल बनाना है, जहां नतीजा उपकरण पर नहीं बल्कि कौशल पर निर्भर करे।'
UPA-A जो कि यूनाईटेड पिकलबॉल एसोसिएशन की गर्वनिंग बॉडी है, जो पीपीए टूर के साथ मेजर लीग पिकलबॉल (MLP) का संचालन भी करती है, उसने आश्वासन दिया है कि वह GNG मशीन को अपने प्रमुख खेल आयोजनों में लागू करेगी। इन आयोजनों में एमेच्योर स्टेट चैंपियनशिप सीरीज(Amateur State Championship Series), पीपीए चैलेंजर्स सीरीज (PPA Challenger Series), एमएलपी के साथ-साथ अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया तथा एशिया में आयोजित पीपीए टूर शामिल हैं। इस जीनजी उपकरण का उपयोग टेक्सास में होने वाली पिकलबॉल वर्ल्ड चैंपियनशिप (Pickleball World Championships) में भी किया जाएगा।
UPA-A के अध्यक्ष जैसन ऐस्पेस ने कहा, 'GNG एंटरप्राइजेज के साथ साझेदारी करना पिकलबॉल में प्रतिस्पर्धी खेल के लिए निष्पक्षता और अखंडता सुनिश्चित करने के हमारे मिशन में एक बड़ा कदम है। साइट पर पैडल टेस्टिंग GNG मशीन का उपयोग शुरू करके हम खिलाड़ियों, टूर्नामेंट निदेशकों और प्रशंसकों को यह भरोसा दे रहे हैं कि हर पैडल कड़े प्रदर्शन मानकों को पूरा करता है।'
PickleballTournaments.com, जो हजारों एमेच्योर इवेंट्स के लिए अग्रणी टूर्नामेंट सॉफ्टवेयर और रजिस्ट्रेशन प्लेटफॉर्म है। उन्होंने भी GNG मशीन को अपने आधिकारिक और एक्सक्लूजिव पैडल डिफ्लेक्शन टेस्टिंग पार्टनर के रूप में नामित किया है। इससे टूर्नामेंट निदेशक (डायरेक्टर्स) नियमों को सही और प्रभावी ढंग से लागू करने में मदद मिलेगी, जिससे उनके आयोजनों की विश्वसनीयता सुदृढ़ होगी। टेस्टिंग प्रक्रिया का कार्यान्वयन इसी महीने शुरू होगा। इसका विस्तार अमेरिका, ऑस्ट्रिया, भारत, मलेशिया, दक्षिण कोरिया, वियतनाम, चीन और कनाडा जैसे कई देशों में किया जाएगा। अगले कुछ सप्ताह में इनमें शामिल होने वाले टूनामेंट्स और क्लब्स की पूरी सूची घोषणा की जाएगी।
