स्पोर्ट्स

Wibledon 2025: विंबलडन के तीसरे दौर में पहुंचते ही नोवाक जोकोविच ने तोड़ा रोजर फेडेरर का रिकॉर्ड

24 बार के ग्रैंड स्लैम खिताब विजेता सर्बिया के टेनिस सुपर स्टार नोवाक जोकोविच ने विंबलडन 2025 में पुरुष एकल वर्ग के तीसरे दौर में एंट्री करते ही महान रोजर फेडरर का एक और रिकॉर्ड तोड़ दिया।

Image

नोवाक जोकोविच

Photo : AP

लंदन: सर्बिया के स्टार टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने बुधवार को सेंटर कोर्ट पर डैन इवांस पर 6-3, 6-2, 6-0 की जीत के साथ 19वीं बार विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट के पुरुष एकल के तीसरे दौर में पहुंचकर एक और रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। जोकोविच ने विंबलडन में कुल मिलाकर 99वां मैच जीता और तीसरे दौर में 19वीं बार जगह बनाई जो ओपन युग में किसी पुरुष खिलाड़ी का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। महान खिलाड़ी रोजर फेडरर ने 18 बार तीसरे दौर में प्रवेश किया था।

सात बार जीत चुके हैं विंबलडन का पुरुष एकल खिताब

हालांकि यह 38 वर्षीय जोकोविच के लिए शायद ही कोई प्रतिष्ठित रिकॉर्ड है जिनके नाम सात विंबलडन सहित कुल 24 ग्रैंड स्लैम खिताब हैं जो पुरुष खिलाड़ियों के बीच रिकॉर्ड है। जोकोविच ने कहा,'उन्नीस बार, यह एक शानदार आंकड़ा है। यह शायद (यानिक) सिनर और (कार्लोस) अल्कराज की उम्र के बराबर है।'पिछले दो विंबलडन फाइनल में जोकोविच को हराने वाले अल्कराज 22 जबकि दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी सिनर 23 साल के हैं।

विंबडलन में 100 जीत से एक कदम दूर

जोकोविच विंबलडन के पुरुष एकल के फाइनल में 10 बार पहुंचे और सात बार (2011, 2014, 2015, 2018, 2019, 2021, 2022) खिताब अपने नाम करने में सफल रहे। साल 2018 से 2014 के बीच वो लगातार छह बार फाइनल में पहुंचे और लगातार चार बार खिताब अपने नाम किया। स्पेन के कार्लोस अल्कराज ने उन्हें पिछले दो सीजन में खिताबी जीत हासिल नहीं करने दी। जोकोविच विंबडलन 2025 में 25वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने के इरादे से उतरे हैं। इस दौरान वो इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में 100 मैच जीतने वाले खिलाड़ी भी बन सकते हैं। ऐसा उनसे पहले विंबलडन के आठ एकल खिताब जीत चुके रोजर फेडेरर कर चुके हैं।

(भाषा इनपुट के साथ)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article