FIFA World Cup 2026, Road to Knockout Round: ब्रायन ब्रॉबी ने विश्व कप में अपना तीसरा गोल किया जबकि ट्यूनीशिया के खिलाड़ियों ने दो आत्मघाती गोल दागे जिससे नीदरलैंड ने बृहस्पतिवार को बारिश के बीच 3-1 की जीत के साथ ग्रुप एफ के विजेता के तौर पर नॉकआउट चरण में जगह बनाई।
दिन की शुरुआत में नीदरलैंड और जापान ग्रुप में बराबरी पर थे लेकिन जब टेक्सास के अर्लिंग्टन में समुराई ब्ल्यू’ (जापान) ने स्वीडन के साथ 1-1 से ड्रॉ खेला तो वर्जिल वैन डाइक और उनके साथियों के लिए अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहकर सोमवार को ग्रुप सी के उप विजेता मोरक्को के साथ मुकाबले की राह खुल गई। जापान के सामने राउंड ऑफ 32 में ब्राजील जैसी मजबूत टीम से खेलने की कड़ी चुनौती है।
विश्व कप के शुरुआती मैच में हार के बाद अपने कोच को हटाने वाला ट्यूनीशिया पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुका था। शुरुआती कुछ मिनटों में ही तय हो गया कि चीजें ट्यूनीशिया के पक्ष में नहीं हो रहीं। डेन्जेल डमफ्रीज ने गोल के सामने से गेंद भेजी और ट्यूनीशियाई कप्तान एलिस स्खिरी ने उसे क्लियर करने की कोशिश में पैर से मारा लेकिन गेंद उनके ही गोल में चली गई।
सातवें मिनट में ब्रॉबी ने स्कोर 2-0 कर दिया जब डच टीम को लगभग 25 गज की दूरी से फ्री किक मिली। वैन डाइक ने शानदार ढंग से हेडर से गेंद को बॉक्स के पार भेजा और ब्रॉबी ने गोलकीपर आयमेन डाहमेन के ऊपर से चिप करके गेंद को नेट में डाल दिया। ट्यूनीशिया ने 54वें मिनट में हजेम मास्तूरी के कॉर्नर किक पर किए गोल से स्कोर 1-2 किया लेकिन 62वें मिनट में फिर स्कोर 3-1 हो गया जब कॉर्नर किक पर जान पॉल वैन हेके के हेडर से गेंद अनीस स्लिमैन के सिर से टकराकर उनके ही गोल में चली गई। इस बीच पहले हाफ में शुरू हुई हल्की बारिश दूसरे हाफ में तेज बारिश में बदल गई लेकिन नीदरलैंड ने अपनी लय नहीं गंवाई।
आइवरी कोस्ट ने क्यूरासाओ को हराकर नॉकआउट राउंड में जगह बनाई
निकोलस पेपे के दो गोल की बदौलत आइवरी कोस्ट ने बृहस्पतिवार को यहां क्यूरासाओ को 2-0 से हराकर पहली बार फुटबॉल विश्व कप के नॉकआउट चरण में प्रवेश किया। मैच के बाद आइवरी कोस्ट के खिलाड़ी खुशी से झूम उठे। वे टीम फोटो के लिए पिच पर घुटनों के बल बैठ गए और सभी ने एक अंगुली आसमान की ओर उठाई। यह इस पश्चिम अफ्रीकी टीम के विश्व कप नॉकआउट दौर में पहली बार पहुंचने की खुशी थी।
स्टार फारवर्ड पेपे ने कहा, "हम अपने लिए कोई सीमा तय नहीं कर रहे हैं। मुझे लगता है कि हमारे अंदर बहुत क्षमता है।" आइवरी कोस्ट ने टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में इक्वाडोर को 1-0 से हराया था लेकिन ग्रुप ई के अपने दूसरे मैच में वे जर्मनी से हार गए थे। आइवरी कोस्ट की टीम अब नॉकआउट में 30 जून को ग्रुप आई में उप विजेता रहने वाली फ्रांस या नॉर्वे की टीम से भिड़ेगी।
क्यूरासाओ को जीत की जरूरत थी लेकिन वे नॉकआउट चरण के लिए क्वालीफाई करने वाला सबसे छोटा देश बनने में नाकाम रहे। स्पेनिश क्लब विलारीयाल के लिए खेलने वाले पेपे ने मैच के सातवें मिनट में ही आइवरी कोस्ट को बढ़त दिला दी जिसके बाद टीम ने पूरे मैच में अपना दबदबा बनाए रखा।
आइवरी कोस्ट को आगे बढ़ने के लिए सिर्फ ड्रॉ की जरूरत थी लेकिन उन्होंने पूरे जोश के साथ खेला और क्यूरासाओ को बराबरी करने का कोई मौका नहीं दिया। आइवरी कोस्ट को स्टेडियम में दर्शकों का भरपूर समर्थन मिल रहा था और जब पेपे ने 64वें मिनट में बाएं पैर से दनदनाता हुआ शॉट मारकर जीत पक्की की तो नारंगी जर्सी पहने टीम के प्रशंसक खुशी से झूम उठे। पेपे को इसके तीन मिनट बाद बाहर बुला लिया गया जिससे कि वे 30 जून के उस मैच के लिए थोड़ा और आराम कर सकें जो राष्ट्रीय टीम के लिए विश्व कप के इतिहास का सबसे बड़ा मैच होगा।
(भाषा इनपुट के साथ)
