Neeraj Chopra: दो बार के ओलंपिक पदक विजेता भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा का राष्ट्रमंडल खेल 2026 के लिए भारतीय टीम में चयन हो गया है। हालांकि ये चयन शर्तों के साथ है। नीरज को ग्लास्गो जाने के लिए एएफआई का क्वालीफाइंग मानक 82.61 मीटर हासिल करना होगा।राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन 23 जुलाई से 2 अगस्त तक स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में होगा। इसके लिए भारतीय एथलेटिक्स महासंघ ने रविवार को 32 सदस्यीय टीम की घोषणा की। चयन समिति के अध्यक्ष आदिल सुमरिवाला ने बताया कि नीरज चोपड़ा पीठ की चोट से उबर चुके हैं और अब पूरी तरह फिट होकर अभ्यास कर रहे हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- मणिकर्णिका घाट पर हुआ दिग्गज निशानेबाज और कोच जसपाल राणा का अंतिम संस्कार
10 दिन में मैदान पर लौटेंगे नीरज
नीरज ने 2025 विश्व चैंपियनशिप टोक्यो के बाद से कोई प्रतियोगिता नहीं खेली है। वो फिलहाल स्विट्जरलैंड के बिएन में 47 दिन के ऑफ-सीजन ट्रेनिंग कैंप में हैं। उनके साथ फिजियो ईशान मरवाहा और कोच जय चौधरी भी हैं। सुमरिवाला ने कहा, "नीरज संभवतः अगले 10 दिनों में प्रतियोगिता में उतरेंगे। उन्होंने अनुरोध किया है कि CWG से पहले उनके प्रदर्शन को क्वालीफाइंग के लिए मान्य माना जाए।"2018 राष्ट्रमंडल खेलों के गोल्ड मेडलिस्ट नीरज के अलावा रोहित यादव और यशवीर सिंह भी भाला फेंक में टीम का हिस्सा हैं। दोनों ने लुधियाना में क्वालीफाइंग मार्क हासिल किया था।
सेल्वा प्रभु को भी देना होगा ट्रायल
त्रिकूद खिलाड़ी सेल्वा प्रभु का चयन भी फॉर्म पर निर्भर करेगा। अमेरिका में NCAA आउटडोर चैंपियनशिप में 16.92 मीटर कूदकर खिताब जीतने वाले सेल्वा को 24-28 जून तक भुवनेश्वर में अंतरराज्यीय चैंपियनशिप में प्रदर्शन करना होगा। सुमरिवाला ने कहा कि NCAA में डोप कंट्रोल असंगत होने से AFI सीधे उनके नतीजे मान्य नहीं करता। टीम में गुरिंदरवीर सिंह 100 मीटर, अनिमेष कुजुर 200 मीटर, गुलवीर सिंह 5000 और 10000 मीटर, तेजस्विन शंकर डेकाथलॉन और ऊंची कूद, पारुल चौधरी 3000 मीटर स्टीपलचेज और प्रियंका 10000 मीटर पैदल चाल में चुनौती पेश करेंगे। तेजस्विन, समरदीप, तजिंदरपाल, श्रीशंकर जैसे अनुभवी नाम भी टीम में हैं।नीरज के लिए 82.61 मीटर का टारगेट मुश्किल नहीं है, पर चोट से वापसी के बाद लय पकड़ना चुनौती होगी। अगर वो फिट रहते हैं तो ग्लास्गो में भारत को गोल्ड की उम्मीद जरूर रहेगी।
