स्पोर्ट्स

नेशनल में मेडल जीतने वाली धाविका ट्विंकल चौधरी अस्थायी रुप से निलंबित

भारतीय धाविका ट्विंकल चौधरी को अस्थायी तौर पर निलंबित कर दिया है। जालंधर की रहने वाली ट्विंकल ने अप्रैल में कोच्चि में 28वीं राष्ट्रीय महासंघ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप की 800 मीटर स्पर्धा में 2:00.71 सेकेंड के समय के साथ नया मीट रिकॉर्ड बनाया था।

Image

ट्विंकल चौधरी (साभार-x)

राष्ट्रीय खेलों में कई पदक जीतने वाली मध्यम दूरी की धाविका ट्विंकल चौधरी को प्रतिबंधित स्टेरॉइड के लिए पॉजिटिव पाए जाने के बाद ‘एथलेटिक्स इंटीग्रिटी’ इकाई (एआईयू) ने अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। अठाईस साल की ट्विंकल ने इस साल के शुरू में उत्तराखंड में हुए राष्ट्रीय खेलों के चार गुणा 400 मीटर महिला रिले स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने 800 मीटर दौड़ में रजत और चार गुणा 400 मीटर मिश्रित रिले में कांस्य पदक भी जीता था। ट्विंकल को प्रतिबंधित एनाबोलिक स्टेरॉइड मिथाइलटेस्टोस्टेरोन का पॉजिटिव पाया गया है।

एआईयू ने अपने अपडेट में कहा कि ट्विंकल को आरोपों पर नोटिस जारी किया गया है। अगला कदम इस मामले की सुनवाई होगी जिसमें इस एथलीट को अपनी बात स्पष्ट करने का मौका मिलेगा। जालंधर की रहने वाली ट्विंकल ने अप्रैल में कोच्चि में 28वीं राष्ट्रीय महासंघ सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप की 800 मीटर स्पर्धा में 2:00.71 सेकेंड के समय के साथ नया मीट रिकॉर्ड बनाया था।

इस महीने के शुरू में उन्होंने ताइवान ओपन में 800 मीटर स्पर्धा में 2:06.96 सेकेंड के समय के साथ रजत पदक जीता था। मई में वह एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप की इसी स्पर्धा में चौथे स्थान पर रही थीं। इस ताजा निलंबन से देश की मुसीबतें बढ़ना जारी है क्योंकि उसका अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डोपिंग का रिकॉर्ड बहुत खराब है। मई में भारतीय एथलीट स्नेहा कोलेरी को एनाबोलिक स्टेरॉइड स्टैनाजोलोल का पॉजिटिव पाए जाने के बाद निलंबित कर दिया था।

हाल में जारी 2023 की जांच के आंकड़ों में जिन देशों ने 5000 या इससे अधिक नमूने की जांच कराई, उसमें भारत का रिकॉर्ड सबसे खराब रहा और उसका प्रतिशत 3.8 रहा था। विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) ने 2023 में वैश्विक स्तर पर 204,809 नमूनों की जांच की थी जिनमें से 1,820 नमूने प्रतिबंधित पदार्थों के पॉजिटिव पाए गए थे।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article