ओलंपिक पदक विजेता मीराबाई चानू की मां और चाचा ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग में गोल्ड मेडल जीतने के बाद खुशी व्यक्त की है। उनकी मां ने कहा कि चोट को लेकर चिंताओं के बावजूद उन्हें अपनी बेटी की जीत का पूरा भरोसा था। एएनआई से बात करते हुए, चानू की मां, साइखोम टॉम्बी ने कहा कि उन्हें विश्वास था कि उनकी बेटी जीतेगी। उन्होंने बताया कि इस इवेंट से पहले चानू ने उनसे आशीर्वाद मांगा था।
“मुझे पूरा भरोसा था कि वह जीतेगी, और वह जीत गई। यह तीसरी बार है जब मुझे इतनी खुशी हुई है। आज इवेंट शुरू होने से पहले उसने मुझे फोन करके अपनी सफलता के लिए आशीर्वाद मांगा। शाम 5 बजे उसने फिर से मुझे फोन करके आशीर्वाद मांगा और बताया कि उसने तीसरी प्रतियोगिता जीत ली है,”
टॉम्बी ने कहा कि चानू के घायल होने के कारण उन्हें उसकी जीत की संभावनाओं के बारे में कुछ अनिश्चितता थी, लेकिन अपनी बेटी की जीत के बाद वह बेहद खुश थीं।
"मैंने उसे जीतने की दुआ दी और उससे कहा कि मैं उसकी सफलता के लिए प्रार्थना कर रही हूं। मुझे थोड़ा संदेह था कि वह जीत पाएगी या नहीं क्योंकि वह घायल थी। हालांकि, इस बार उसकी जीत से मैं बहुत खुश थी। चानू के चाचा विनोद कुमार ने भी गोल्ड मेडल जीतने की उनकी क्षमता पर विश्वास व्यक्त किया और उनके दृढ़ संकल्प की प्रशंसा की।
"सबसे पहले तो, मुझे बेहद खुशी हो रही है; मुझे हमेशा से विश्वास था कि वह स्वर्ण पदक जीतेगी। यह सिर्फ मेरा विश्वास नहीं था- भारत का समर्थन करने वाला हर कोई जानता है कि वह कभी हार नहीं मानती। यह गोल्ड मेडल हम सबका है," ग्लासगो 2026 में महिलाओं के 48 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में क्लीन एंड जर्क श्रेणी में 105 किलोग्राम भार उठाकर चानू ने अपना तीसरा राष्ट्रमंडल खेलों का गोल्ड मेडल जीता। चानू ने इससे पहले 2018 और 2022 के राष्ट्रमंडल खेलों में गोल्ड मेडल जीते थे।
टाइम्सनाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें- इंपैक्ट प्लेयर विवाद में शाहीन को आया गुस्सा, शिकायत से नहीं माने तो लौट गए पाकिस्तान
चानू ने स्नैच में 85 किलोग्राम भार उठाकर राष्ट्रमंडल खेलों में नया रिकॉर्ड बनाया। इसके बाद उन्होंने क्लीन एंड जर्क में 105 किलोग्राम वजन उठाया और अपना गोल्ड मेडल पक्का कर लिया।
