स्पोर्ट्स

Indian Sportswoman of the Year: साल की सर्वश्रेष्ठ भारतीय महिला खिलाड़ी चुनी गईं मनु भाकर

पेरिस ओलंपिक में निशानेबाजी में दो कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय शूटर मनुभाकर को बीबीसी ने साल की सर्वश्रेष्ठ भारतीय महिला खिलाड़ी चुना है।

Image

मनु भाकर

Photo : AP

नई दिल्ली: स्टार भारतीय पिस्टल निशानेबाज मनु भाकर को पेरिस ओलंपिक में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सोमवार को बीबीसी की साल की सर्वश्रेष्ठ भारतीय महिला खिलाड़ी चुना गया। मनु इस पुरस्कार के लिए नामित पांच लोगों में शामिल थीं। गोल्फर अदिति अशोक, पैरा निशानेबाज अवनी लेखरा, भारतीय महिला क्रिकेट टीम की उप कप्तान स्मृति मंधाना और पहलवान विनेश फोगाट को भी उनके असाधारण योगदान के लिए नामित किया गया था। खेल पत्रकारों और लेखकों की एक प्रतिष्ठित जूरी ने नामांकित खिलाड़ियों का चयन किया था।

ओलंपिक में दो पदक जीतने के लिए मिला अवार्ड

भारत में महिला खिलाड़ियों की उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए दिए जाने वाले इस पुरस्कार का यह पांचवां सत्र है। बाइस वर्षीय मनु को पेरिस ओलंपिक में दो कांस्य पदक जीतने के लिए यह पुरस्कार मिला। वह स्वतंत्रता के बाद से एक ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी हैं। उन्होंने 10 मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत स्पर्धा के साथ-साथ 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया था।

मिताली राज को मिला लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड

अन्य पुरस्कार विजेताओं में पैरा तीरंदाज शीतल देवी (बीबीसी की साल की उभरती हुई खिलाड़ी), भारत की पूर्व महिला क्रिकेट कप्तान मिताली राज (बीबीसी लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार) और पैरा निशानेबाज अवनी (बीबीसी साल की सर्वश्रेष्ठ महिला पैरा खिलाड़ी) शामिल रहीं। शतरंज खिलाड़ी तानिया सचदेव को बीबीसी ‘चेंजमेकर पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।

लॉस एंजिल्स में बदलना चाहूंगी पदक का रंग

मनु ने इस सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया और ओलंपिक सफलता की अपनी यात्रा का जिक्र किया। मनु ने कहा,मुझे सम्मानित करने के लिए मैं बीबीसी को धन्यवाद देती हूं। कुछ साल पहले मैंने साल की उभरती हुई खिलाड़ी का पुरस्कार जीता था और अब इस साल मुझे बड़ा पुरस्कार मिला है। मेरी यात्रा उतार-चढ़ाव से भरी रही।टोक्यो के बाद मैंने बहुत संघर्ष किया, कई स्पर्धाएं हारी लेकिन यात्रा समाप्त नहीं हुई, यह जारी रही। आप केवल अपनी कहानी खुद लिख सकते हैं और मैंने पेरिस में ऐसा किया। अब यात्रा जारी रहेगी और मैं लॉस एंजिल्स (2028 ओलंपिक) में पदक का रंग बदलना चाहूंगी।'

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article