Lionel Messi Retires From International Football: अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने अपने देश की राजधानी में आयोजित हुए बेनिन के खिलाफ अंतिम अंतरराष्ट्रीय मुकाबले (फ्रेंडली मैच) के साथ अपने अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल करियर को अलविदा कह दिया। मेसी ने फीफा विश्व कप 2026 फाइनल में हार के बाद ये फैसला सुना दिया था लेकिन उनके देश के फैंस व फुटबॉल संघ इस महान खिलाड़ी को एक आखिरी विदाई देना चाहता था, जिसके लिए भव्य तैयारियों के साथ एक अंतिम मुकाबले का प्रस्ताव रखा गया था।
अर्जेंटीना और बेनिन टीम के बीच खेले गए इस अंतरराष्ट्रीय फ्रेंडली मुकाबले में खचाखच भरे मैदान में एक स्टेडियम के आकार की जर्सी के साथ राष्ट्रीय गान गाया गया। उसके बाद मैच शुरू हुआ और पहले हाफ में कोई गोल नहीं हुआ। बेनिन के डिफेंसिव गेम ने अर्जेंटीना को पहले हाफ में गोल से वंचित रखा। इसके बाद दूसरे हाफ में आखिरकार अर्जेंटीना का पहला गोल 48वें मिनट में आया जब निकोलस ओटमंडी ने गेंद गोल के अंदर पहुंचाई।
मैच के 10वें मिनट में मेसी के सम्मान में रुका खेल
इस मुकाबले के 10वें मिनट में मेसी के सम्मान में कुछ देर के लिए खेल रोक दिया गया और दर्शकों ने इस बीच मेसी-मेसी के नारों से मैदान गूंजता रहा। अब लौटते हैं मैच के हाल पर, 48वें मिनट में आटोमंडी के गोल के बाद अर्जेंटीना के निको पाज ने 61वें में दूसरा गोल किया।
71वें मिनट में मेसी ने किया गोल
सभी फैंस को इंतजार था उस पल का जब मेसी अपने विदाई मैच में एक आखिरी बार अर्जेंटीना की जर्सी में गोल करें, और आखिरकार वो क्षण 71वें मिनट में आया जब अर्जेंटीना को पेनल्टी हासिल हुई और इस पर मेसी ने गोल करके फैंस को झूमने का एक और अवसर दे दिया। फिर अंत तक कोई गोल नहीं हुआ और अर्जेंटीना ने 3-0 से मुकाबला जीता, साथ ही मेसी के अंतरराष्ट्रीय करियर पर हमेशा के लिए पर्दा गिर गया।
मेसी ने दी भावुक स्पीच
लियोनेल मेसी ने विदाई से पहले फैंस के लिए एक भावुक स्पीच दी जिसे सुनकर सभी फैंस की आंखें नम हो गईं। मैदान में बच्चे, महिलाएं, बुजुर्ग सभी रोते नजर आए। मेसी ने कहा, "सच तो यह है कि... आज कुछ भी कहना मुश्किल है। मन में बहुत सारी भावनाएं और बातें चल रही हैं। ज़ाहिर है, सबसे पहले मुझे अपने पापा की याद आती है। जैसा कि मैंने विदाई पत्र में कहा था, अब मेरे पास कहने के लिए बस धन्यवाद देने के अलावा कुछ नहीं है। इन 20 से ज़्यादा सालों में इस जर्सी को पहनकर खेलना मेरे लिए बहुत गर्व की बात रही है। मुश्किल से मुश्किल पलों में भी, मैंने कभी हार नहीं मानी... हमेशा लड़ता रहा, अपना सब कुछ दिया और हमेशा यहीं बने रहना चाहा। अब यहाँ न आ पाना बहुत दुखद होगा। मैं आप सभी से वादा करता हूं कि मैं अपनी ज़िंदगी भर यहां आना चाहूंगा, क्योंकि अर्जेंटीना की नेशनल टीम के लिए खेलना सबसे खूबसूरत अनुभव है। जैसा कि मैंने कहा, भले ही मैं ज़िंदगी भर यहां रहना चाहता हूँ, पर मुझे लगता है कि... अब सही समय आ गया है। पिछले वर्ल्ड कप के दौरान मैंने जो कुछ भी अनुभव किया, वह बहुत ज़्यादा था। हमारा सपना था—मेरा और पूरे देश का—कि हम फिर से वर्ल्ड चैंपियन बनें।"
मेसी ने आगे कहा, "पिछले वर्ल्ड कप में, हम जीत के बहुत... बहुत करीब थे। और सच तो यह है कि कोई अजीब बात नहीं हुई, जैसा कि लोग कहते हैं। हमने अपना सब कुछ झोंक दिया था। इंग्लैंड के खिलाफ मैच में हमारी बहुत ज़्यादा एनर्जी खर्च हुई थी - शारीरिक तौर पर, खासकर पैरों के मामले में, और भावनात्मक तौर पर भी... और सच तो यह है कि हम बमुश्किल ही उस स्थिति से उबर पाए थे। हमने हमेशा की तरह इसके लिए संघर्ष किया, इस जर्सी के लिए, उन सभी साथियों के साथ जिनके साथ मुझे खेलने और अनुभव साझा करने का मौका मिला। सिर्फ उनके साथ ही नहीं, बल्कि उन लोगों के साथ भी जो उस दौर में थे जब हमारी जीत की बारी थी - हमने तब भी कोशिश की थी, हालांकि दुर्भाग्य से... हम चैंपियन नहीं बन पाए। हम तब भी बहुत करीब थे। लेकिन इसमें कोई शक नहीं कि मेरे साथ खेलने वाले सभी साथियों ने हमेशा इस जर्सी के लिए अपना सब कुछ दिया, हमेशा।"
मेसी ने कहा, "सबसे पहले, मैं अपनी टीम के साथियों का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं... इस ग्रुप के साथ बिताए समय के लिए, जिसने मेरा बचपन का सपना पूरा किया, जिसने मुझे वर्ल्ड चैंपियन, अमेरिका का चैंपियन, फाइनलिस्टिमा और हमने जो भी टूर्नामेंट खेले, उनमें चैंपियन बनाया। उन सभी के साथ मैदान पर और मैदान के बाहर समय बिताना मेरे लिए बहुत गर्व की बात थी। किसी के भी खिलाफ मुकाबला करने उतरना आसान था क्योंकि मुझे पता था कि मेरे साथ ऐसे योद्धा हैं... जो अपनी जान तक देने को तैयार रहते थे।"
उन्होंने आगे कहा, ठपता नहीं, हो सकता है मैं बहुत सी बातें बताना भूल रहा हूं, लेकिन... यह मेरे लिए बहुत मुश्किल पल है। मुझे यहां खेलना बहुत याद आएगा। मैं किस्मत वाला था कि, मुझे पूरे देश में खेलने का मौका मिला... हर जगह, और मुझे हमेशा सबसे बहुत प्यार मिला। शुरुआत से लेकर, आखिर तक। और हां, मैं उन सभी चीज़ों के लिए शुक्रगुजार हूं... जिनका मुझे अनुभव करने का मौका मिला। मैं इस बात के लिए शुक्रगुजार हूं कि, मैं जहां भी गया, स्टेडियम हमेशा भरा हुआ मिला, चाहे मैच कोई भी हो: वर्ल्ड कप हो या कोपा अमेरिका, हर जगह लोगों ने बहुत कोशिश की, क्योंकि हम जानते हैं कि स्टेडियम तक पहुंचना, वर्ल्ड कप या कोपा अमेरिका के लिए यात्रा करना कितना मुश्किल होता है, और फिर भी आप हमेशा ऐसा करते हैं। हमें हर जगह ऐसा लगता है जैसे हम अपने घर पर ही खेल रहे हों। और हम यह महसूस करते हैं।
मेसी ने अपनी बात बढ़ाते हुए कहा, "इस जगह पर मुझे अपने करियर के सबसे खुशी भरे दिनों में से एक का अनुभव हुआ, जब हम वर्ल्ड कप के बाद पहला मैच खेलने वापस आए थे। उस दिन जो अनुभव हुआ, उसे मैं कभी नहीं भूल पाऊंगा। यह मेरे साथ हुई सबसे खूबसूरत घटना थी। यह बहुत खूबसूरत था। आज भी, जब मैं उसके वीडियो देखता हूं तो भावुक हो जाता हूं। सच तो यह है कि वह दिन मेरे इतिहास में, हम सभी के इतिहास में और मेरे परिवार के इतिहास में हमेशा के लिए दर्ज हो गया है। वह वाकई शानदार था, इसलिए... आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। आज, यहां वापस आकर, निश्चित रूप से मेरे करियर का सबसे दुखद दिन है, क्योंकि अब मैं नेशनल टीम और आप सभी से विदा ले रहा हूं। मुझे आपकी याद आएगी, मुझे नेशनल टीम के लिए खेलने की याद आएगी। लेकिन अब मैं उस तरफ रहूंगा, आप सभी के साथ, इन खिलाड़ियों और आगे आने वाले सभी लोगों का समर्थन करूंगा। हमेशा एकजुट।"
मेसी बोले, "यह साबित हो चुका है कि जब हम एक साथ आते हैं और एकजुट होते हैं, तो हम किसी से भी ज़्यादा मजबूत होते हैं और किसी भी मुश्किल का सामना कर सकते हैं। मुश्किल समय जरूर आएगा, क्योंकि इतने समय तक जो हुआ है, वह सामान्य नहीं है। और उस मुश्किल समय में, हमें पहले से कहीं ज़्यादा समर्थन करना होगा। जैसा कि मैं हमेशा उनसे कहता हूं, या पिछली बार या पिछली बातचीत में कहा था- बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए, आपको एक मजबूत ग्रुप बनाना होगा, एक एकजुट ग्रुप बनाना होगा, क्योंकि कुछ लोग ऐसे हैं जो चाहते हैं कि नेशनल टीम खराब प्रदर्शन करे, इसलिए हमें उन्हें वह खुशी नहीं देनी चाहिए।"
अंत में मेसी ने नम आंखों के साथ कहा, "मुश्किल समय और कठिन पलों में ही असल में ग्रुप की पहचान होती है और पता चलता है कि आप उन मुश्किल हालात से कैसे बाहर निकलते हैं। जब कोई मज़बूत ग्रुप नहीं होता, तो कुछ भी हासिल करना बहुत मुश्किल होता है। और मैं कह सकता हूं कि हम एक ज़बरदस्त ग्रुप थे, इसीलिए हमने वो सब हासिल किया जो हमने किया। खैर, सच तो यह है कि मैं आज कुछ ज़्यादा ही बोल रहा हूं। सच तो यह है कि मैं यहां से जाना नहीं चाहता, मैं पिच छोड़कर नहीं जाना चाहता। बस इतना कहना चाहता हूं कि मैं आप लोगों से बहुत प्यार करता हूं, मुझे आपकी याद आएगी। और जैसा कि मैंने कहा, मैं भगवान का शुक्रगुजार हूं कि मैं अर्जेंटीना का हूं, मुझे अर्जेंटीना का होने पर गर्व है और आप सबके साथ मिलकर मैंने अपना सपना पूरा किया। बहुत-बहुत धन्यवाद, मैं आप लोगों से बहुत प्यार करता हूं।"
