स्पोर्ट्स

रोनाल्डो और मेसी छूटे पीछे, ये खिलाड़ी बना दुनिया में सबसे पैसे कमाने वाला फुटबॉलर

  • Agency by: Agency
  • Updated Oct 9, 2022, 01:43 AM IST

फ्रांस के फॉरवर्ड काइलन एमबापे ने कमाई के मामले में साल 2022-23 में लायोनल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो जैसे धाकड़ खिलाड़िय़ों को पीछे छोड़ दिया है। 8 साल बाद ये धाकड़ खिलाड़ी रेस में किसी तीसरे खिलाड़ी से एक साल में सबसे ज्यादा कमाई करने के मामले में पिछड़े हैं।

Image

Image Credit: AP

नई दिल्ली: दुनिया के सर्वकालिक सर्वश्रेष्ठ और महान फुटबॉल खिलाड़ियों में शुमार अर्जेंटीना के लियोनल मेसी पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो की आठ साल से चल रही बादशाहत शनिवार को खत्म हो गई। इन दोनों खिलाड़ियों को पछाड़कर फ्रांस के काइलन एमबापे (Kylian Mbappe) दुनिया के सबसे मंहगे फुटबॉल खिलाड़ी बनकर उभरे हैं। फोर्ब्स मैग्जीन के मुताबिक आठ साल में पहली बार कोई खिलाड़ी मेसी और रोनाल्डो से आगे निकलने में सफल हुआ है।

साल 2022-23 में कमाए 1060 करोड़ रुपये

पेरिस सेंट जर्मन(पीएसजी) क्लब की ओर से खेलने वाले 23 वर्षीय एमबापे ने साल 2022-23 में कुल 128 मिलियन अमेरिकी डॉलर( 1060 करोड़ रुपये) की कमाई की है। फोर्ब्स की सालाना रैकिंग में कमाई का ये नया रिकॉर्ड है। इस सूची में दूसरे पायदान पर पीएसजी की ओर से खेलने वाले लियोनल मेसी हैं। मेसी ने साल 2022-23 में 120 मिलियन डॉलर(993 करोड़ रुपये) कमाए हैं। वहीं सूची में तीसरे पायदान पर मेनचेस्टर यूनाईटेड की ओर से खेलने वाले क्रिस्टियानो रोनाल्डो हैं। रोनाल्डो ने 100 मिलियन अमेरिकी डॉलर(828 करोड़ रुपये) साल 2022-23 में कमाए हैं।

टॉप 5 में पीएसजी के हैं तीन खिलाड़ी

फोर्ब्स की सूची में कमाई के मामले में इन तीन टॉप खिलाड़ियों के बाद चौथे पायदान पर पीएसजी के लिए खेलने वाले ब्राजील के स्टार फुटबॉल खिलाड़ी नेमार हैं। नेमार की साल 2022-23 की आय 87 मिलियन अमेरिकी डॉलर( 720 करोड़ रुपये) रही है। वहीं लीवरपूल की ओर से खेलने वाले मिस्र के फुटबॉल खिलाड़ी मोहम्मद सलह( 53 मिलियन अमेरिकी डॉलर) यानी 439 करोड़ रुपये की कमाई के साथ पांचवें पायदान पर हैं। टॉप फाइव में पीएसजी के लिए खेलने वाले तीन खिलाड़ी शामिल हैं।

टॉप-10 खिलाड़ियों की कमाई में हुआ 11 फीसदी का इजाफाकुल मिलाकर देखें तो दुनिया के दस सबसे ज्यादा कमाई करने वाले खिलाड़ियों की साल 2022-23 की सालाना आय 652 मिलियन अमेरिकी डॉलर (5400 करोड़ रुपये)। पिछले साल की तुलना में टॉप टेन प्लेयर्स की कमाई में 11 फीसदी का इजाफा हुआ है। पिछले साल सबसे ज्यादा कमाई करने वाले टॉप टेन खिलाड़ियों में फ्रांस के एमबापे और नॉर्वे के हालैंड के अलावा और कोई खिलाड़ी 30 साल से कम का नहीं है। ये इस बात का संकेत भी है कि वैश्विक फुटबॉल का सत्ता संतुलन बदल रहा है। मेसी और रोनाल्डो अपने करियर के अंतिम दौर में पहुंच गए हैं।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article