स्पोर्ट्स

King Cup International 2024: किंग कप इंटरनेशनल में तीसरे स्थान पर रहे भारत के लक्ष्य सेन

भारत के स्टार बैटमिंटन प्लेयर लक्ष्य सेन किंग कप इंटरनेशनल में तीसरे पायदान पर रहे। उन्होंने तीसरे स्थान के लिए हुए मुकाबले में फ्रांस के युवा खिलाड़ी एलेक्स लैनियर को मात दी।

Image

लक्ष्य सेन (साभार Lakshya Sen)

Photo : Twitter

शेनझेन (चीन): भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रविवार को किंग कप इंटरनेशनल बैडमिंटन ओपन में उभरते हुए फ्रांस के खिलाड़ी एलेक्स लैनियर को सीधे गेम में हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।

अल्मोड़ा के 23 वर्षीय खिलाड़ी ने लैनियर को 21-17, 21-11 से हराकर इस टूर्नामेंट के पहले सत्र में पुरस्कार के तौर पर लगभग 36 लाख रुपये हासिल किये। लक्ष्य इससे पहले सेमीफाइनल में मौजूदा विश्व जूनियर चैंपियन चीन के हू झेआन से शनिवार को करीबी मुकाबले में 19-21, 19-21 से हार गए थे।

तीसरे स्थान के प्ले-ऑफ में लक्ष्य ने मजबूत शुरुआत करते हुए 6-1 की बढ़त ले ली, लेकिन लैनियर ने वापसी करते हुए स्कोर 10-10 से बराबर कर लिया। लक्ष्य ने शानदार खेल से एक बार फिर बढ़त बनाते हुए स्कोर 18-15 कर लिया। उन्होंने इसके बाद तीन गेम पॉइंट हासिल किए। लैनियर ने शटल को कोर्ट से बाहर खेला जिससे पहला गेम लक्ष्य के नाम हो गया।

भारतीय खिलाड़ी ने दूसरे गेम में लय बरकरार रखते हुए 8-6 की बढ़त कायम को 15-8 में बदला। उन्होंने इसके बाद नौ मैच प्वाइंट हासिल करने के बाद आसान जीत दर्ज की।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article