स्पोर्ट्स

Junior Hockey Asia Cup: मलेशिया को मात देकर लगातार चौथी बार फाइनल में पहुंचा भारत

भारत ने मलेशिया को 3-1 से हराकर लगातार चौथी बार एएचएफ पुरुष जूनियर एशिया कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। भारत का सामना फाइनल में पाकिस्तान और दक्षिण कोरिया के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।

Image

भारतीय जूनियर हॉकी टीम (फोटो क्रेडिट Hockey India X)

मोकी (चीन): शानदार फॉर्म में चल रहे कप्तान अनमोल इक्का के दो गोल की मदद से गत चैम्पियन भारत ने मलेशिया को 3-1 से हराकर लगातार चौथी बार एएचएफ पुरुष जूनियर एशिया कप के फाइनल में प्रवेश कर लिया। ड्रैग फ्लिकर अनमोल ने मोर्चे से अगुवाई करते हुए दो पेनल्टी कॉर्नर तब्दील किये। उनके टूर्नामेंट में अब 16 गोल हो गए हैं । गोलकीपर विवेक लकड़ा ने भी एक पेनल्टी स्ट्रोक समेत कई शानदार बचाव करके भारत का दबदबा बनाये रखा।

भारत की नजरें लगातार चौथे और कुल छठे खिताब पर है। अब उसका सामना पाकिस्तान और दक्षिण कोरिया के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा। भारत ने आक्रामक शुरूआज की जब अजीत यादव पहले दो मिनट में दो बार मलेशियाई सर्कल में घुसे। भारत को जल्दी ही तीन पेनल्टी कॉर्नर मिले लेकिन मलेशिया के गोलकीपर अम्सियार मोहम्मद आदिब ने उन्हें गोल में बदलने नहीं दिया।

पहले क्वार्टर के आखिरी मिनट में मलेशिया गोल करने के करीब पहुंचा लेकिन उसका प्रयास नाकाम रहा । इस बीच भारत को 16वें मिनट में चौथा पेनल्टी कॉर्नर मिला । कप्तान अनमोल ने इसे गोल में बदलकर भारत को बढत दिलाई । मलेशिया को जवाबी हमले में पहला पेनल्टी कॉर्नर मिला लेकिन भारत के पहले रशर ने प्रयास नाकाम कर दिया। भारतीय गोलकीपर लकड़ा ने 34वें मिनट में गोल के दो प्रयासों को नाकाम किया। भारत के मनमीत सिंह को 36वें मिनट में और प्रभदीप सिंह को 41वें मिनट में पीला कार्ड मिला।

चौथे क्वार्टर में भारत के लिये सुखविंदर ने दूसरा गोल किया। भारत को 54वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर मलेशिया ने वीडियो रेफरल लिया लेकिन वीडियो रैफरी ने मूल फैसला कायम रखा। अनमोल ने इस पर गोल करके भारत की बढ़त 3-0 की कर दी। आखिरी सीटी बजने से 24 मिनट पहले मलेशिया को आठवां पेनल्टी कॉर्नर मिला जिसे एम राहुल ने गोल में बदला।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article