स्पोर्ट्स

Junior Asia Cup Hockey: डिफेंडिंग चैंपियन भारत की धमाकेदार शुरुआत, थाइलैंड को दी करारी मात

जूनियर एशिया कप में भारतीय हॉकी टीम ने थाइलैंड के खिलाफ मुकाबले में जीत के साथ टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की है। भारतीय टीम ने अपने पहले ही मुकाबले में थाइलैंड की टीम को 11-0 के अंतर से रौंद दिया।

Image

भारत बनाम थाइलैंड

मस्कट: दो बार के ओलंपिक कांस्य पदक विजेता पीआर श्रीजेश की देखरेख में जूनियर एशिया कप में भारतीय हॉकी टीम ने थाइलैंड के खिलाफ मुकाबले में जीत के साथ टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की है। डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने बुधवार को जूनियर पुरुष एशिया कप में पूल ए के एकतरफा मुकाबले में थाईलैंड को 11-0 से रौंद दिया। पूल ए में भारत और थाईलैंड के अलावा चीनी ताइपे, जापान और दक्षिण कोरिया शामिल हैं। वहीं पूल बी में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान, मलेशिया, बांग्लादेश, मेजबान ओमान और चीन शामिल हैं।

भारत के लिए अरिजीत सिंह हुंडाल (दूसरे मिनट, 24वें मिनट), अर्शदीप सिंह (आठवें मिनट), गुरजोत सिंह (18वें, 45वें मिनट), सौरभ आनंद कुशवाहा (19वें, 52वें मिनट), दिलराज सिंह (21वें मिनट) और मुकेश टोप्पो (59वें मिनट) ने मैदानी गोल दागे। शारदा नंद तिवारी (10वें मिनट) ने पेनल्टी कॉर्नर से गोल दागा जबकि रोहित (29वें मिनट) ने पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में तब्दील किया। भारत बृहस्पतिवार को जापान से भिड़ेगा।

भारत ने पहले क्वार्टर में दागे तीन गोल

खिताब के प्रबल दावेदार भारत ने टूर्नामेंट में मजबूत शुरूआत की और पहले ही क्वार्टर में तीन गोल दाग दिये। अरिजीत ने रिवर्स फ्लिक से गोल करने की शुरूआत की और अर्शदीप ने रिबाउंड पर आसानी से बढ़त दोगुनी कर दी। बाद में शारदा नंद ने 10वें मिनट में ताकतवर ड्रैग फ्लिक से गोल किया। भारत ने थाईलैंड के डिफेंस पर दबदबा जारी रखा और बार बार प्रतिद्वंद्वी टीम के खेमे में सेंध लगाई लेकिन गोलकीपर थाविन फोमजंट ने कुछ बेहतरीन बचाव किये।

हॉफ टाइम तक भारत था 8-0 से आगे

गुरजोत ने जल्द ही स्कोर 4-0 कर दिया। एक मिनट बाद सौरभ ने भी गोलकीपर को छकाकर गोल दागा। भारत के लिए लगातार गोल हो रहे थे जिसमें दिलराज ने लंबे पास को डिफ्लेक्ट करते हुए शानदार मैदानी गोल किया। अरिजीत ने बायें कॉर्नर के ऊपर से 24वें मिनट में अपना दिन का दूसरा गोल दागा। रोहित ने पहले हाफ से एक मिनट पहले पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलते हुए टीम की बढ़त 8-0 कर दी।

दूसरे हाफ में भारतीय टीम संयमित दिख रही थी और उसने आक्रामक रहने के बजाय आराम से गोल किये। गुरजोत ने तीसरे क्वार्टर में एक गोल किया। चौथे क्वार्टर में भारतीयों ने चतुराई भरी हॉकी खेली जिसमें सौरभ और टोप्पो के गोल किये।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article