स्पोर्ट्स

विश्व चैंपियनशिप से पहले गुकेश को लेकर क्या बोले उज्बेकिस्तान के युवा ग्रैंडमास्टर सिंदारोव

Sindarov On Gukesh Preparation: सिंदारोव का पूरा फोकस अभी दो बड़े आयोजनों पर है। वह ग्लोबल चेस लीग (GCL) के चौथे सीजन में अमेरिकन गैम्बिट्स टीम के आइकन खिलाड़ी के तौर पर खेल रहे हैं। GCL का आयोजन 5 से 13 सितंबर तक होगा और उसके तुरंत बाद 15 से 27 सितंबर तक समरकंद में शतरंज ओलंपियाड खेला जाएगा।

Image

जावोखिर सिंदारोव (फोटो साभार- X)

Sindarov On Gukesh Preparation: उज्बेकिस्तान के युवा ग्रैंडमास्टर जावोखिर सिंदारोव ने साफ कर दिया है कि वह विश्व चैंपियन डी. गुकेश के खिलाफ होने वाले महामुकाबले का बोझ अभी से अपने दिमाग पर नहीं लेना चाहते। 20 साल के सिंदारोव ने कहा कि वह खिताबी जंग की तैयारी इसी महीने होने वाले शतरंज ओलंपियाड के बाद ही शुरू करेंगे। भारत के गुकेश और उज्बेकिस्तान के सिंदारोव, दोनों की उम्र महज 20 साल है और दोनों के बीच विश्व शतरंज चैंपियनशिप का फाइनल जिनेवा में 24 नवंबर से 12 दिसंबर तक खेला जाएगा। 14 क्लासिकल बाजियों में तय होगा कि शतरंज का नया बादशाह कौन होगा।

अगले आयोजनो पर सिंदारोव का फोकस

फिलहाल सिंदारोव का पूरा फोकस दो बड़े आयोजनों पर है। वह ग्लोबल चेस लीग (GCL) के चौथे सीजन में अमेरिकन गैम्बिट्स टीम के आइकन खिलाड़ी के तौर पर खेल रहे हैं। GCL का आयोजन 5 से 13 सितंबर तक होगा और उसके तुरंत बाद 15 से 27 सितंबर तक समरकंद में शतरंज ओलंपियाड खेला जाएगा। GCL के दौरान बातचीत में सिंदारोव ने कहा, "अभी मेरा ध्यान अगले आयोजनों पर है, यानी ग्लोबल चेस लीग और ओलंपियाड पर। इसके खत्म होने के बाद ही मैं विश्व चैंपियनशिप की तैयारी शुरू करूंगा।" उन्होंने कहा कि वह इस लीग को अलग प्रारूप के बावजूद किसी अन्य टूर्नामेंट की तरह ही ले रहे हैं और हर बाजी में अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश कर रहे हैं।

कोच रोमन विडोन्याक संभाल रहे तैयारी की कमान

सिंदारोव ने इस साल कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में इतिहास रचा था। उन्होंने एक राउंड बाकी रहते ही जीत पक्की कर ली थी और टॉप खिलाड़ियों के खिलाफ लगातार चार जीत दर्ज कर सबसे प्रभावशाली प्रदर्शन किया था। इसी जीत ने उन्हें गुकेश को चुनौती देने का हक दिलाया। जिनेवा में होने वाले मुकाबले के लिए उनकी तैयारी की कमान उनके कोच रोमन विडोन्याक संभाल रहे हैं। माना जा रहा है कि सिंदारोव अपनी उसी आक्रामक रणनीति पर टिके रहेंगे जिसने उन्हें कैंडिडेट्स में सफलता दिलाई थी। उन्होंने कहा कि टीम पर्दे के पीछे अपना काम करती है, जबकि उनका ध्यान सिर्फ बोर्ड पर चल रही बाजी पर होता है।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article