भोपाल : सिंगापुर में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मेले ITB Asia 2026 में मध्य प्रदेश का पवेलियन आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, वन्यजीव, आध्यात्म, वेलनेस और पारंपरिक खानपान को यहां खास अंदाज में पेश किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विदेशी पर्यटकों के बीच मध्य प्रदेश की पहचान मजबूत करना और राज्य में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा देना है।
सिंगापुर में भारत की उच्चायुक्त डॉ. शिल्पका अंबुले ने मरीना बे सैंड्स स्थित सैंड्स एक्सपो एंड कन्वेंशन सेंटर में मध्य प्रदेश पवेलियन का उद्घाटन किया। इस दौरान मध्य प्रदेश के पर्यटन सचिव एवं टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. सहित विभागीय अधिकारी और वैश्विक पर्यटन उद्योग से जुड़े प्रमुख प्रतिनिधि मौजूद रहे।
VR तकनीक से पर्यटक देख रहे मध्य प्रदेश के पर्यटन स्थल
पवेलियन में मध्य प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संपदा, वन्यजीव पर्यटन, आध्यात्मिक स्थलों और सतत पर्यटन की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है। यहां आने वाले विदेशी मेहमान वर्चुअल रियलिटी (VR) तकनीक के जरिए राज्य के प्रमुख पर्यटन स्थलों का अनुभव ले रहे हैं। पर्यटकों के लिए मध्य प्रदेश के पारंपरिक स्वाद भी आकर्षण का हिस्सा हैं। मेहमानों को जीआई टैग प्राप्त मुरैना की गजक और रतलामी सेव का स्वाद चखाया जा रहा है। राज्य की सांस्कृतिक पहचान और खानपान को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पेश करने की यह पहल पर्यटकों का ध्यान खींच रही है।
दक्षिण-पूर्व एशिया के टूर ऑपरेटर्स से हो रहीं B2B बैठकें
तीन दिवसीय ITB Asia 2026 पर्यटन मेला 23 अक्टूबर तक चलेगा। मेले के दौरान मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड की टीम सिंगापुर और दक्षिण-पूर्व एशिया के प्रमुख टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंट्स और निवेशकों के साथ बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) बैठकें कर रही है। इन बैठकों का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय टूर पैकेजों और यात्रा कार्यक्रमों में मध्य प्रदेश के पर्यटन स्थलों को शामिल कराने के साथ ही राज्य में पर्यटन निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा देना है।
ITB Asia 2026 में मध्य प्रदेश की भागीदारी से एशियाई आउटबाउंड पर्यटन बाजार की प्राथमिकताओं और बदलते रुझानों को समझने में मदद मिलने की उम्मीद है। इसके आधार पर राज्य के लिए भविष्य की मार्केटिंग रणनीति तैयार की जा सकेगी। मध्य प्रदेश टूरिज्म बोर्ड की इस पहल का लक्ष्य राज्य को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करना और विदेशी पर्यटकों की आमद बढ़ाना है।
