स्पोर्ट्स

कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की मेजबानी के लिए भारत पेश करेगा दावेदारी, IOA ने दी मंजूरी

Commonwealth Games 2030: भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) ने बुधवार को आयोजित अपनी विशेष आम बैठक (SGM) में औपचारिक रूप से 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी के लिए भारत की बोली को मंजूरी दे दी। भारत इससे पहले 2010 में भी इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी कर चुका है।

Image

इंडियन ओलंपिक संघ ने कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी के लिए दावेदारी को दी मंजूरी (फोटो- PTI)

Commonwealth Games 2030: भारतीय ओलंपिक संघ की बैठक में भारतीय खेल प्रेमियों के लिए एक गुड न्यूज सामने आई है। दरअसल आईओए ने 2030 में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के लिए भारत की दावेदारी पेश करने के लिए मंजूरी दो दी है। इसका निर्णय बुधवार को भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की विशेष आम बैठक (एसजीएम) के दौरान लिया गया है। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक इस बैठक में अहमदाबाद को मेजबान शहर बनाने के प्रस्ताव को भी समर्थन मिला है।

अहमदाबाद होगा मेजबान शहर, 31 अगस्त तक अंतिम प्रस्ताव

भारत पहले ही अहमदाबाद को मेजबान शहर के रूप में रखते हुए 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए ‘एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट’ जमा कर चुका है। अब देश को 31 अगस्त की अंतिम तिथि से पहले अपना अंतिम प्रस्ताव (फाइनल बिड) प्रस्तुत करना होगा।

कनाडा के हटने से बढ़ीं भारत की संभावनाएं

कनाडा के इस दौड़ से हटने के बाद भारत के लिए 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी पाने की संभावनाएं काफी बढ़ गई हैं। यह भारत के लिए एक बड़ा अवसर है, खासकर तब जब पिछले कुछ वर्षों में देश ने कई अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में अपनी क्षमता साबित की है।

अहमदाबाद का निरीक्षण कर चुकी है कॉमनवेल्थ स्पोर्ट टीम

हाल ही में कॉमनवेल्थ स्पोर्ट के डायरेक्टर ऑफ गेम्स डैरेन हॉल के नेतृत्व में अधिकारियों की एक टीम अहमदाबाद का दौरा कर चुकी है। इस दौरान उन्होंने संभावित स्थलों का निरीक्षण किया और गुजरात सरकार के अधिकारियों से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि इस महीने के अंत में एक और बड़ा प्रतिनिधिमंडल अहमदाबाद का दौरा करेगा।

नवंबर में होगा अंतिम फैसला

कॉमनवेल्थ स्पोर्ट की जनरल असेंबली 2030 के मेजबान देश का अंतिम चयन नवंबर के अंतिम सप्ताह में स्कॉटलैंड के ग्लासगो में करेगी। अगर भारत को मेजबानी मिलती है, तो यह देश के खेल इतिहास का एक और गौरवपूर्ण क्षण होगा।

2010 के बाद दूसरी बार कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी का मौका

भारत ने इससे पहले 2010 में दिल्ली में कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी की थी। उस आयोजन में भारत ने खेल सुविधाओं और आयोजन क्षमता को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना पाई थी। अगर 2030 की मेजबानी भारत को मिलती है, तो यह दूसरी बार होगा जब देश इस प्रतिष्ठित आयोजन की मेजबानी करेगा।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article