स्पोर्ट्स

फीफा ने हैदराबाद में शुरू की महिलाओं के लिए भारत में पहली टैलेंट अकैडमी

फीफा ने हैदराबाद में भारत के उभरते हुए प्रतिभाशाली फुटबॉल खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रशिक्षण के लिए देश की दूसरी और महिलाओं के लिए पहली प्रतिभा अकादमी की शुरुआत की।

Image

तेलंगाना स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव( फोटो क्रेडिट @FIFAcom X )

हैदराबाद: फीफा (फुटबॉल की वैश्विक संचालक संस्था) ने भारत के उभरते हुए प्रतिभाशाली फुटबॉल खिलाड़ियों को उत्कृष्ट प्रशिक्षण प्रदान करने के मकसद से शनिवार को अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के सहयोग से देश में युवाओं के लिए अपनी पहली प्रतिभा अकादमी की शुरुआत की। फीफा ने इस अकादमी के लिए एआईएफएफ और तेलंगाना सरकार के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किया है। यह फुटबॉल के ‘समावेशी और जमीनी स्तर के विकास के लिए भारत की प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करेगा’।

एआईएफएफ की एक विज्ञप्ति के अनुसार, यह अकादमी यहां गाचीबावली स्टेडियम परिसर में स्थित होगी और 60 उत्कृष्ट खिलाड़ियों (अंडर 14 वर्ग के 30 लड़के और अंडर 16 वर्ग की 30 लड़कियां) को आवासीय सुविधाओं, शिक्षा, चिकित्सा देखभाल, पोषण और मानसिक स्वास्थ्य के साथ साल भर उच्च प्रदर्शन प्रशिक्षण प्रदान करेगी, जिसमें प्रत्येक वर्ग में तेलंगाना के 10 खिलाड़ी शामिल होंगे।

एआईएफएफ अध्यक्ष कल्याण चौबे ने इस शुरुआत को भारत में इस खेल के लिए के लिए एक ‘निर्णायक क्षण’ करार दिया। चौबे ने कहा,'लड़कियों के लिए भारत की पहली और लड़कों के लिए दूसरी फीफा कौशल अकादमी का शुभारंभ, समान फुटबॉल विकास की दिशा में हमारी यात्रा में एक निर्णायक क्षण है। तेलंगाना सरकार के साथ फीफा की वैश्विक प्रतिभा विकास योजना के तहत यह सहयोग, पूरे देश से युवा प्रतिभाओं (खासकर लड़कियों) को पहचानने, पोषित करने और सशक्त बनाने के हमारे सामूहिक संकल्प को दर्शाता है।'

उन्होंने कहा कि यह अकादमी देश को अंडर-17 पुरुष और महिला फीफा विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने के सपने को साकार करने में मदद करेगी। एआईएफएफ फीफा के साथ समन्वय में संचालन, तकनीकी ढांचा, देश भर में प्रतिभा की खोज और प्रशिक्षण पाठ्यक्रम का नेतृत्व करेगा, जबकि तेलंगाना सरकार का खेल प्राधिकरण खिलाड़ियों के बुनियादी ढांचे, रसद, शिक्षा, वित्तीय और कल्याणकारी सहायता की देखरेख करेगी।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article