स्पोर्ट्स

Kho Kho World Cup 2025: बांग्लादेश को रौंदकर सेमीफाइनल में पहुंची भारतीय महिला टीम

भारतीय महिला टीम ने बांग्लादेश को मात देकर पहले खो-खो विश्व कप के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। ऐसा रहा मैच का हाल।

Image

भारतीय महिला टीम बनाम बांग्लादेश महिला टीम

नई दिल्ली: भारतीय महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को शुक्रवार को 109-16 के बड़े अंतर से हराकर पहले खो खो विश्व कप के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की की। कप्तान प्रियंका इंगले के नेतृत्व में भारत ने सभी चार टर्न में अपना दबदबा कायम रखा। टीम ने इस दौरान दूसरे टर्न में पांच मिनट से अधिक समय का ड्रीम रन हासिल किया। भारतीय महिला टीम लगातार पांचवें मैच में 100 से अधिक अंक हासिल करने में सफल रही।

भारतीय टीम अनुभवी नसरीन शेख और प्रियांक के शानदार खेल से शुरुआती टर्न में ही 50 अंक हासिल करने में सफल रही। दूसरे टर्न में ‘अटैक’ करने की बारी बांग्लादेश की थी और उनके खिलाड़ी सिर्फ चार बार भारतीय खिलाड़ियों को ‘टच’ कर सके। दूसरे टर्न के बाद भारत की बढ़त 56-8 की थी।

भारत ने तीसरे टर्न में अपनी बढ़त के अंतर में तेजी से इजाफा करना शुरू किया। रेशमा राठौड़ के स्काई डाइव से टीम लगातार पांचवें मैच में अंकों का शतक पूरा करने में सफल रही। तीसरे टर्न के बाद टीम 106-8 से आगे थी। टीम ने चौथे टर्न में बांग्लादेश के खिलाड़ियों को ज्यादा मौके नहीं दिए और 109-16 की बड़ी जीत के साथ अंतिम चार में जगह पक्की की। दिन के अन्य क्वार्टर फाइनल मैचों में युगांडा ने न्यूजीलैंड को 71-26, दक्षिण अफ्रीका ने रोमांचक मुकाबले में कीनिया को 51-46 जबकि नेपाल ने ईरान को 103-8 से हराया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article