पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले में शुक्रवार तड़के बड़ा भूस्खलन होने से हड़कंप मच गया। यह भूस्खलन तकदाह ग्रामीण अस्पताल (Takdah Rural Hospital) परिसर में हुआ। भूस्खलन के बाद एक मरीज की देखभाल कर रहा केयरटेकर मलबे में दब गया। राहत और बचाव टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, पांच लोग भूस्खलन की चपेट में आ गए थे।
हादसे में उसे मामूली चोटें आई हैं। इलाज के लिए उसे दार्जिलिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के दौरान अस्पताल के आसपास मौजूद पांच अन्य लोग भी भूस्खलन की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। बताया जा रहा है कि सभी पांच लोग सुरक्षित हैं और उन्हें किसी तरह की चोट नहीं आई है।
रंगली रंगलीओट ब्लॉक का प्रमुख सरकारी अस्पताल
तकदाह ग्रामीण अस्पताल रंगली रंगलीओट ब्लॉक का प्रमुख सरकारी स्वास्थ्य केंद्र है। यह अस्पताल दार्जिलिंग शहर से करीब 28 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। पहाड़ी इलाके में स्थित होने के कारण यहां भूस्खलन का खतरा बना रहता है। घटना के बाद इलाके में राहत और बचाव अभियान चलाया गया। फिलहाल अस्पताल में हुए नुकसान और भूस्खलन के कारणों की विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
