New Hyundai Creta: Hyundai Creta एक पॉपुलर मिड-साइज एसयूवी है, जिसे भारतीय ग्राहकों द्वारा खूब पसंद किया जाता है। कंपनी की ओर से ग्राहकों की पसंद का ख्याल रखते हुए अब इस एसयूवी के नेक्स्ट-जेनरेशन को लाया जा रहा है। रिपोर्ट्स की मानें तो नेक्स्ट जेनरेशन Hyundai Creta को 2027 में लॉन्च किया जा सकता है। नई एसयूवी में वर्तमान मॉडल की तुलना में डिजाइन से लेकर पारवट्रेन और टेक्नोलॉजी तक कई बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। आइए जल्दी से इस अपकमिंग एसयूवी के डिजाइन, इंजन, प्लेटफॉर्म, टेक्नोलॉजी और सेफ्टी अपग्रेड पर एक नजर डाल लेते हैं-
बॉक्सियर और मस्कुलर होगा डिजाइन
नई Hyundai Creta को मौजूदा मॉडल के मुकाबले ज्यादा बॉक्सी और एंगुलर डिजाइन दिया जा सकता है। टेस्टिंग के दौरान सामने आई तस्वीरों में SUV का स्टांस ज्यादा सीधा और मजबूत नजर आया है। इसमें नया फ्रंट प्रोफाइल, शार्प डिजाइन एलिमेंट्स और ज्यादा फ्लैट रूफलाइन देखने को मिल सकती है। पीछे की तरफ वर्टिकल टेललैंप्स को फुल-विड्थ लाइट बार से जोड़े जाने की उम्मीद है। SUV में बड़े अलॉय व्हील्स भी दिए जा सकते हैं।
नई प्लेटफॉर्म पर होगी तैयार
नेक्स्ट-जेनरेशन Creta को Hyundai के नए K3 प्लेटफॉर्म पर तैयार किए जाने की जानकारी सामने आई है। इस नए आर्किटेक्चर के कारण SUV का साइज भी पहले से कुछ बड़ा हो सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसकी लंबाई करीब 4,500 mm तक पहुंच सकती है। ज्यादा बड़े आकार का फायदा केबिन और बूट स्पेस में भी मिल सकता है।
पहली बार मिल सकता है स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन
नई Creta का सबसे बड़ा बदलाव इसका पावरट्रेन हो सकता है। Hyundai इसमें स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड पावरट्रेन पेश कर सकती है। रिपोर्ट्स में इसे 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ जोड़े जाने की बात कही गई है। इसके अलावा मौजूदा 1.5-लीटर पेट्रोल और डीजल इंजन विकल्पों को भी बरकरार रखा जा सकता है। स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड तकनीक से बेहतर फ्यूल एफिशिएंसी मिलने की उम्मीद है।
टेक्नोलॉजी और सेफ्टी में भी अपग्रेड
नई Creta में Hyundai का Pleos Connect इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलने की उम्मीद है। इसमें बड़े टचस्क्रीन डिस्प्ले, डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और OTA अपडेट जैसी तकनीकें शामिल हो सकती हैं। इसके अलावा SUV में Level 2 ADAS का अपग्रेडेड पैकेज मिलने की भी उम्मीद है। इसमें ड्राइविंग के दौरान लेन और आगे मौजूद वाहनों से जुड़ी कई सुरक्षा सुविधाएं मिल सकती हैं।
बता दें, फिलहाल Hyundai ने नई Creta की लॉन्च डेट, कीमत और सभी फीचर्स की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इसलिए इसके डिजाइन, इंजन और फीचर्स से जुड़ी जानकारियों को रिपोर्ट्स और टेस्टिंग मॉडल पर आधारित माने जा सकते हैं।
