स्पोर्ट्स

Asian Games Boxing: भारतीय मुक्केबाज साक्षी चौधरी ने बड़ा उलटफेर किया, प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई

Asian Games 2026 Boxing: भारत की बॉक्सिंग में अब उम्मीदें बढ़ने लगी हैं कि यहां से कुछ पदक जरूर आएंगे। मंगलवार को 51 किलोग्राम वर्ग में भारत की साक्षी चौधरी ने पेरिस ओलंपिक ब्रॉन्ज मेडलिस्ट आइरा विलेगास के खिलाफ उलटफेर करते हुए प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।

Image

साक्षी चौधरी एशियन गेम्स बॉक्सिंग के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं (X/BFI)

Asian Games 2026 Boxing: जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में बॉक्गिंग प्रतियोगिताओं में भारत को काफी उम्मीदें हैं। मंगलवार को एशियाई खेलों में भारतीय बॉक्सर साक्षी चौधरी (Sakshi Chaudhary) ने बड़ा उलटफेर करते हुए फिलीपींस की पेरिस ओलंपिक ब्रॉन्ज मेडलिस्ट आइरा विलेगास को 5-0 से हराया और महिलाओं के 51 किग्रा वर्ग के प्री-क्वार्टर फाइनल (Pre-Quarter Finals) में जगह बनाई।

भिवानी की 26 वर्षीय बॉक्सर साक्षी चौधरी ने अपनी लंबाई और लंबे हाथों का फ़ायदा उठाते हुए शुरुआत से ही विलेगास को दूर रखा। दोनों बॉक्सरों की ओर से संभलकर शुरुआत करने के बाद, साक्षी ने राउंड-ऑफ-32 मुकाबले में 'जैब' का इस्तेमाल करके खेल पर अपनी पकड़ बनाए रखी। दूसरे राउंड में उन्होंने अपनी रफ़्तार बढ़ाई और लगातार कई पंच मारे, जिससे विलेगास उनकी गति और मूवमेंट का सामना करने में संघर्ष करती दिखीं।

फिलीपींस की साउथपॉ बॉक्सर ने काउंटर अटैक में कुछ ज़ोरदार 'लेफ्ट हुक' लगाए और आखिरी राउंड में कई पंच मारे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी क्योंकि सभी पांच जजों ने हर राउंड में साक्षी को पूरे 10 अंक दिए। साक्षी की यह जीत 51 किग्रा वर्ग में उनके शानदार प्रदर्शन को जारी रखती है।

उन्होंने मई में 54 किग्रा वर्ग से नीचे आकर खेलना शुरू किया था और सिलेक्शन ट्रायल में दो बार की वर्ल्ड चैंपियन और पिछले संस्करण की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट निखत जरीन को हराया था।जूनियर और यूथ वर्ल्ड चैंपियन रह चुकीं साक्षी ने पिछले महीने कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था। दिन में बाद में, CWG सिल्वर मेडलिस्ट जादुमनी सिंह (55 किग्रा) नेपाल के चंद्र बहादुर थापा के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेंगे।

भारत अब तक एशियन गेम्स में अधिकतर खेलों में कोई बड़ी सफलता हासिल नहीं कर सका है, ऐसे में मुक्केबाजी से काफी उम्मीदें रहने वाली हैं। इसके अलावा शूटिंग के व्यक्तिगत इवेंट्स और बाद में कुश्ती से पदकों की उम्मीद है। जबकि हॉकी और क्रिकेट में पुरुष व महिला टीमें मेडल सुनिश्चित करने का दम रखते हैं।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article