स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय सब-जूनियर मेंस हॉकी टीम ने मस्कट आयोजित FIH यूथ हॉकी 5 एशियाई चैंपियनशिप 2026 के फाइनल मुकाबले में अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 3-1 से हराकर गोल्ड मेडल जीता। इस जीत के साथ भारत ने यूथ हॉकी वर्ल्ड के लिए क्वालीफाई कर लिया। भारतीय टीम के लिए रोमित पाल (5वें मिनट), कप्तान केतन कुशवाहा (12वें मिनट) और शाहरुख अली (13वें मिनट) ने गोल दागे। इन गोलों की बदौलत भारत एशियाई चैंपियन बन गया। इस जीत के साथ भारतीय मेंस टीम ने एक शानदार, अपराजित अभियान पूरा किया और एलीट पूल तालिका में भी शीर्ष स्थान हासिल किया।
फाइनल मुकाबले में भारत ने शानदार पासिंग और अनुशासित रणनीति के दम पर शुरुआती बढ़त बना ली। रोमित पाल (5वें मिनट) ने पहले हाफ में पाकिस्तानी गोलकीपर को पछाड़ते हुए गोल दागकर भारत को हाफ टाइम तक 1-0 की बढ़त दिला दी। दूसरे हाफ की शुरुआत में ही भारत ने अपना दबदबा कायम रखा, कप्तान केतन कुशवाहा (12वें मिनट) ने गोल दागा और उसके तुरंत बाद शाहरुख अली (13वें मिनट) ने एक और गोल दागकर स्कोर 3-0 कर दिया।
हॉकी विश्व कप के लिए किया क्वालीफाई
पाकिस्तान ने मोहम्मद उस्मान (16वें मिनट) के गोल से एक गोल कम किया, लेकिन भारतीय डिफेंस ने आखिरी मिनटों में मजबूती दिखाते हुए 3-1 से जीत हासिल की और ट्रॉफी अपने नाम कर ली। फाइनल में पहुंचने के कारण भारत और पाकिस्तान दोनों ने प्रथम एफआईएच यूथ हॉकी 5एस विश्व कप के लिए क्वालीफाई कर लिया है।
महिला टीम को मिली निराशा
वहीं, महिला वर्ग की प्रतियोगिता में भारतीय सब-जूनियर महिला टीम को फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। चीन के खिलाफ फाइनल में कड़े मुकाबले के बाद रजत पदक जीता। चीन ने भारत को 2-4 से हराया। इससे पहले दिन में भारत ने सेमीफ़ाइनल में कजाकिस्तान पर 8-1 की शानदार जीत के साथ फाइनल में अपनी जगह पक्की की थी। मस्कट में अपने शानदार प्रदर्शन के साथ भारत ने FIH यूथ हॉकी5s वर्ल्ड कप के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है।
चीन ने फाइनल की मजबूत शुरुआत की और शुरुआती मिनट में ही टोंगटोंग लू के जरिए बढ़त बना ली। केक्सिन टैंग ने 5वें मिनट में चीन की बढ़त को दोगुना कर दिया और एक मिनट बाद जियाक्सिन गुओ ने स्कोर 3-0 कर दिया। ब्रेक के बाद भारत ने वापसी की और नौशीन नाज ने 13वें मिनट में गोल करके अंतर कम किया। हालांकि, चेन गे ने 19वें मिनट में चीन की तीन गोल की बढ़त को फिर से कायम कर दिया। पुष्पा मांझी ने 20वें मिनट में गोल करके भारत को उम्मीद दी, लेकिन चीन ने अपनी बढ़त बनाए रखी और खिताब जीत लिया।
टीमों के लिए ईनाम की घोषणा
दोनों टीमों के शानदार प्रदर्शन का जश्न मनाते हुए हॉकी इंडिया ने टीमों के लिए नकद पुरस्कारों की घोषणा की। स्वर्ण पदक विजेता भारतीय पुरुष टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को 2 लाख रुपये और सहायक स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 1 लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा, रजत पदक विजेता भारतीय महिला टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को 1 लाख रुपये और उनके सहायक स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
यह भी पढ़ें-
