स्पोर्ट्स

12 साल की कड़ी मेहनत.. ओलंपिक में चूक और एशियन गेम्स में दो मेडल, एलावेनिल वलारिवन की दिल छूने वाली कहानी

Elavenil Valarivan Asian Games 2026: भारतीय शूटर एलावेनिल वलारिवन ने एशियन गेम्स 2026 में एक ही दिन में दो सिल्वर मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता पर उनके पिता खुशी से फूले नहीं समा रहे हैं।

Image

एलावेनिल वलारिवन (फोटो साभार- elavenil.valarivan)

Elavenil Valarivan Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय शूटर एलावेनिल वलारिवन ने दो सिल्वर मेडल जीतकर देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम और व्यक्तिगत इवेंट में सिल्वर जीता। इस कामयाबी के बाद उनके परिवार में जश्न का माहौल है और उन्होंने इसे 12 साल की कड़ी मेहनत का फल बताया है। एलावेनिल के पिता आर. वलारिवन ने ANI से बात करते हुए कहा, "हम बहुत खुश हैं, क्योंकि यह उनकी 12 साल की कड़ी मेहनत का फल है। उन्होंने ओलंपिक्स में हिस्सा लिया था, लेकिन पिछले साल बहुत कम अंतर से ओलंपिक मेडल से चूक गईं। और इस साल एशियन गेम्स में उन्हें यह मेडल मिला।"

बेटी की सफलता से गदगद हैं पिता

आर वलारिवन ने अपनी बेटी की इस सफलता का श्रेय उनकी कोच नेहा चौहान, मेंटर और ओलंपिक मेडलिस्ट गगन नारंग, गुजरात सरकार और उनकी यूनिवर्सिटी को दिया। उन्होंने कहा कि सभी ने बिना किसी रुकावट के एलावेनिल की पढ़ाई और खेल दोनों में मदद की। पिता ने यह भी बताया कि एलावेनिल का अगला बड़ा सपना ओलंपिक मेडल जीतना है। उन्होंने देश से आशीर्वाद की अपील की है ताकि वह 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में यह सपना पूरा कर सके।

वहीं मां सरोजा वलारिवन ने कहा कि पूरा परिवार फाइनल लाइव देख रहा था। उन्होंने कहा, "वह टॉप पर थीं, यानी उनसे गोल्ड जीतने की बहुत उम्मीदें थीं। आखिरी पल में उन्होंने सिल्वर जीता, लेकिन भारत और गुजरात के लिए सिल्वर जीतने से हम बहुत खुश हैं।" सरोजा ने बताया कि शूटिंग शुरुआती मेडल इवेंट्स में से एक है और एलावेनिल ने भारत का खाता खोल दिया है।

मेडल जीतने पर क्या बोलीं एलावेनिल

सिल्वर जीतने के बाद एलावेनिल ने परिवार से वीडियो कॉल पर बात की और कहा, "मैं यह मेडल जीतकर बहुत खुश हूँ। मैं इसके लिए बहुत लंबे समय से ट्रेनिंग कर रही थी।" उन्होंने गुजरात सरकार और भारत सरकार का भी धन्यवाद किया। उनकी भाभी दीपा एराइवन ने कहा कि सिल्वर जीतना कोई छोटी बात नहीं है और यह पूरे परिवार के लिए गर्व का पल है। एलावेनिल ने व्यक्तिगत फाइनल में जापान की हिनाता ताइची के बाद दूसरा स्थान हासिल किया था। इससे पहले उन्होंने सोनम मस्कर और विदर्शा विनोद के साथ टीम इवेंट में भी सिल्वर जीता था।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article