स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। तुर्किये के अंताल्या में आयोजित तीरंदाजी विश्व कप में भारत की रिकर्व मिश्रित टीम ने फाइनल में जीत दर्जकर इतिहास रच दिया। टीम स्पर्धा में भारत के धीरज बोम्मादेवरा और कुमकुम मोहद ने अंताल्या ने ओलंपिक चैंपियन दक्षिण कोरिया को 5-1 से हराकर गोल्ड मेडल जीता।
रविवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में धीरज और कुमकुम की जोड़ी ने साउथ कोरिया की ओह ये जिन और किम जे डियोक की जोड़ी को हराया। तीरंदाजी विश्व कप के रिकर्व मिश्रित टीम में यह भारत दूसरा गोल्ड मेडल है। इससे पहले साल 2022 में रिधि और तरुणदीप राय ने शूट-ऑफ में ग्रेट ब्रिटेन की ब्रायोनी पिटमैन और एलेक्स वाइज को हराया था।
मैच में भारत ने बनाए रखा दबदबा
यह मुकाबला भारत के पक्ष में 5-1 से समाप्त हुआ, जिसमें सेट स्कोर 37-36, 37-36 और 39-39 रहे। धीरज और कुमकुम ने शुरुआती तीरों से ही निरंतरता बनाए रखी और शुरुआती सेटों में बार-बार मामूली बढ़त हासिल की। निर्णायक बढ़त दबाव में बेहतरीन प्रदर्शन से मिली, जहां भारतीय जोड़ी ने अंतरराष्ट्रीय तीरंदाजी की सबसे कुशल टीमों में से एक के खिलाफ गलतियों को सीमित रखा।
मैच के अंतिम चरण में एक महत्वपूर्ण क्षण आया जब धीरज ने अपने आखिरी तीरों से लगातार दो बार परफेक्ट 10 अंक हासिल किए, जिससे मुकाबले में भारत का दबदबा कायम हो गया और स्वर्ण पदक जीतना सुनिश्चित हो गया।
ओलंपिक की कसर की पूरी
विश्व रैंकिंग में 16वें स्थान पर काबिज धीरज पेरिस ओलंपिक में मामूली अंतर से पदक से चूकने के बाद एक बार फिर बड़े मंच पर थे। उन्होंने दबाव भरे मैच में शानदार वापसी की। पेरिस ओलंपिक में उनकी और अंकिता भकत मिश्रित टीम मुकाबले के कांस्य पदक प्लेऑफ में हार गयी थी।
विश्व कप में जीते हैं तीन ब्रांज
धीरज ने मिक्स्ड टीम इवेंट में दो वर्ल्ड कप ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं। साल 2024 में अंकिता के साथ और 2025 में भजन कौर के साथ, लेकिन गोल्ड मेडल से दूर थे, जो अब जाकर उनका सपना साकार हो गया। धीरज ने 2021 में विश्व कप में डेब्यू करने के बाद 2023, 2024 और 2025 में तीन ब्रांज मेडल भी जीते हैं।
