स्पोर्ट्स

Junior Asian Judo Championship: भारतीय खिलाड़ियों का रहा दबदबा, चैम्पियनशिप में 3 गोल्ड सहित जीते 5 मेडल

  • Agency by: Agency
  • Updated Jul 24, 2023, 01:33 AM IST

Junior Asian Judo Championship: चीन के मकाउ में चल रही जूनियर एशिया कप जूडो चैम्पियनशिप में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिला। भारतीय खिलाड़ियों ने रविवार को कुल 5 मेडल जीते। इसमें तीन गोल्ड मेडल और दो ब्रॉन्ज मेडल शामिल है।

Image

मेडल के साथ विजेता खिलाड़ी। (फोटो- साई मीडिया के ट्विटर से)

Photo : Twitter

Junior Asian Judo Championship: भारत ने चीन के मकाउ में चल रही जूनियर एशिया कप जूडो चैंपियनशिप में रविवार को तीन गोल्ड मेडल सहित कुल पांच मेडल जीते। महिला 48 किग्रा वर्ग में अस्मिता डे ने गोल्ड मेडल जीता, जबकि 63 किग्रा वेट कैटेगरी में उन्नति शर्मा और 73 किग्रा वेट कैटेगरी में अरूण कुमार भी गोल्ड मेडल जीतने में सफल रहे।

अस्मिता शुरुआती दौर में ग्रुप डी में शीर्ष पर रही। उन्होंने हांगकांग की सुएत यीयू टेंग को हराया और मुख्य वर्ग के पहले दौर में उन्हें बाई मिली। उन्होंने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया की एशलिन डो को हराने के बाद फाइनल में भी ऑस्ट्रेलिया की ही एनेलीस फील्डर को पछाड़कर स्वर्ण गोल्ड मेडल जीता।

उन्नति ने ग्रुप सी में स्थानीय दावेदार इयान आई लेई को हराकर नॉकआउट में जगह बनाई। उन्होंने इसके बाद मंगोलिया की मारलमा खुरेलचुलुन और ऑस्ट्रेलिया की राइली रामेटा को क्रमश: सेमीफाइनल और फाइनल में हराकर खिताब अपने नाम किया।

अरूण ने भी ग्रुप ए में ऑस्ट्रेलिया के दिमित्रियोस जियांटसियोस को हराकर अच्छी शुरुआत की। उन्होंने इसके बाद दक्षिण कोरिया के जिमिन लिम को हराकर ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया। सेमीफाइनल में अरूण ने सऊदी अरब के मियामानी अब्दुलराऊ को हराने के बाद फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के कोहसेई तोयोशिमा को शिकस्त दी।

सौ किग्रा से अधिक वर्ग में चुनौती पेश कर रहे यश घंगास को फाइनल में मंगोलिया के खानगरिद गांटुल्गा के खिलाफ शिकस्त के कारण रजत पदक से संतोष करना पड़ा। श्रद्धा के चोपाडे ने 52 किग्रा वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल जीता। उन्होंने शुरुआती दौर में दक्षिण कोरिया की जीहो बेईक के खिलाफ शिकस्त झेलनी पड़ी जिसके बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की केली बेनिस्टर को रेपेशेज में हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीता।

End of Article