India Open Badminton: केंटा निशिमोटो को हराकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचे लक्ष्य सेन, श्रीकांत और प्रणय खिताबी दौड़ से हुए बाहर
- Edited by: नवीन चौहान
- Updated Jan 15, 2026, 11:29 PM IST
लक्ष्य सेन ने जापान के केंटा निशिमोटो को हराकर इंडिया ओपन 2026 में क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। वहीं, किदांबी श्रीकांत और एचएस प्रणय को दूसरे राउंड में हार का सामना करना पड़ा है।
लक्ष्य सेन (फोटो क्रेडिट BAI Media)
नई दिल्ली: इंडिया ओपन 2026 में गुरुवार को पूर्व चैंपियन लक्ष्य सेन ने अपने मजबूत डिफेंस और तेज खेल की बदौलत जापान के केंटा निशिमोटो को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। वहीं, किदांबी श्रीकांत और एचएस प्रणय का शानदार प्रदर्शन गुरुवार को टूर्नामेंट के दूसरे राउंड में जीत के लिए नाकाफी रहा। इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में गुरुवार को लक्ष्य सेन ने केंटा निशिमोटो को 21-19, 21-11 से मात दी। दूसरी ओर, श्रीकांत फ्रांस के बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फाइनल्स के विजेता क्रिस्टो पोपोव से 21-14, 17-21, 21-17 से हार गए। वहीं, प्रणय को सिंगापुर के आठवें वरीयता प्राप्त लोह कीन यू से 18-21, 21-19, 21-14 से हार का सामना करना पड़ा।
शुरुआत में पिछड़ने के बाद सेन ने की वापसी
केंटा निशिमोटो के खिलाफ पहले गेम के शुरुआती चरणों में सेन के लिए राह मुश्किल नजर आ रही थी। सेन पहले गेम में जापानी खिलाड़ी से 11-16 और फिर 14-18 से पीछे थे, लेकिन उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को लंबी रैलियों में उलझाए रखा और निशिमोटो के स्मैश को रोकने के लिए कुछ शानदार रक्षात्मक स्ट्रोक लगाते हुए वापसी की। उन्होंने लगातार पांच अंक जीतकर बढ़त बनाई और फिर पहला गेम जीत लिया।
अब चीनी ताइपे के लिन चुन-यी से होगी भिड़ंत
दूसरे गेम में सेन ने अपनी गति में बदलाव किया और जब भी मौका मिला, हमला किया। जैसे-जैसे उनका आत्मविश्वास बढ़ा, 24 वर्षीय खिलाड़ी ने अपने हाफ स्मैश को चालाक ड्रॉप शॉट्स के साथ मिलाकर अपने प्रतिद्वंद्वी को भ्रमित रखते हुए 50 मिनट में जीत दर्ज की। लक्ष्य का अगला मुकाबला चीनी ताइपे के लिन चुन-यी से होगा, जिन्होंने आयरलैंड के न्हाट गुयेन को 21-16, 21-17 से हराया है।
श्रीकांत नहीं पार कर पाए पोपोव की चुनौती को पार
वहीं, श्रीकांत ने भी पोपोव के खिलाफ अपनी अटैकिंग काबिलियत की झलक दिखाई, लेकिन फ्रांस के पहले वर्ल्ड टूर फाइनल्स पुरुष सिंगल्स चैंपियन की चुनौती को पार नहीं कर पाए। प्रणय ने लोह के खिलाफ पहला गेम जीता और दूसरे गेम में तीन गेम प्वाइंट बचाकर उलटफेर भरी जीत के करीब पहुंच गए, लेकिन एक बार जब पूर्व विश्व चैंपियन ने निर्णायक गेम के लिए मजबूर किया, तो भारतीय खिलाड़ी अपने विरोधी की रणनीतिक चालों का मुकाबला नहीं कर पाया। बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर सुपर 750 इवेंट के महिला वर्ग में भारत की चुनौती समाप्त हो गई है। पांचवीं वरीयता प्राप्त चीनी खिलाड़ी हान यू ने मालविका बंसोड़ को 21-18, 21-15 से हराया।
(IANS)
स्पोर्ट्स की ताजा ख़बरें (Sports News Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें (क्रिकेट न्यूज़) की छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। आईपीएल (IPL) अपडेट और अंक तालिका (Ank Talika) ऑरेंज कैप (Orange Cap) पर्पल कैप (Purple Cap) की ताजा अपडेट के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से |