स्पोर्ट्स

अलविदा? : मेस्सी और रोनाल्डो के बिना कैसी होगी फुटबॉल की दुनिया

  • Authored by: शिवम अवस्थी
  • Updated Dec 15, 2022, 03:29 PM IST

How will be Football world after Lionel Messi and Cristiano Ronaldo retire: फुटबॉल जगत के हर दौर में कोई ना कोई ऐसा खिलाड़ी हुआ है जिसके खेल को अलविदा कहने के बाद मैदान सूना-सूना सा लगने लगता था। इस दौर के दो बड़े फुटबॉल स्टार हैं लियोनेल मेस्सी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो। अब इनके फुटबॉल सफर अंतिम मोड़ पर है।

Image

लियोनेल मेस्सी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो (AP)

फीफा विश्व कप 2022 (FIFA World Cup 2022) में दुनिया की नजरें बेशक अपनी-अपनी पसंदीदा टीमों पर टिकी थीं, लेकिन उनमें करोड़ों नजरें खासतौर पर दो खिलाड़ियों पर भी टिकी थीं जिनका ये संभावित अंतिम फुटबॉल विश्व कप है, या कह सकते हैं कि अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में उनकी आखिरी झलक। हम बात कर रहे हैं अर्जेंटीना के लियोनेल मेस्सी (Lionel Messi) और पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) की। इस दौर के दो महान फुटबॉलर जिनका अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में अंतिम पड़ाव फैंस को भावुक कर रहा है। आखिर इन दोनों के बिना कैसी होगी फुटबॉल की दुनिया?

लियोनेल मेस्सी

अर्जेंटीना के महान खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी 35 साल के हो चुके हैं। अपनी टीम को फीफा विश्व कप 2022 के फाइनल में पहुंचाकर उन्होंने एक बार फिर 2014 के कमाल को दोहराया है। बस फैंस यही उम्मीद कर रहे हैं कि इस बार के फाइनल में फ्रांस को हराकर वो और अर्जेंटीना विश्व कप खिताब का अधूरा सपना पूरा करें। मेस्सी ने 2014 विश्व कप के फाइनल में हार के बाद ही संन्यास ले लिया था लेकिन फैंस की चाह ने उनको एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में लौटने पर मजबूर किया।

मेस्सी के बिना फुटबॉल की दुनिया सूनी हो जाएगी इसमें कोई शक नहीं है। खासतौर पर अर्जेंटीना फुटबॉल टीम के लिए ये एक बड़ा नुकसान होगा, लेकिन एक सच ये भी है कि एक जमाना डियागो माराडोना का भी था। अर्जेंटीना के उस 10 नंबरी जर्सी वाले जादूगर के फुटबॉल को अलविदा कहने के बाद लगा था कि अर्जेंटीना फुटबॉल इस झटके से उबर नहीं पाएगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ, बतिस्तुता और सिमोएन जैसे खिलाड़ियों के बाद अर्जेंटीना फुटबॉल ने माराडोना जैसे एक और खिलाड़ी को जन्म दिया और वो हैं लियोनेल मेस्सी।

माराडोना की तरह अब मेस्सी का भी फुटबॉल में सफर समाप्त होने के करीब है। मुमकिन है फीफा विश्व कप के बाद कदमों का ये जादूगर आधिकारिक रूप से अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल को अलविदा कह देगा। लेकिन फैंस की नजरों में ये उम्मीद जरूर जिंदा है कि क्लब फुटबॉल में खेलते हुए वो फैंस को रोमांच का अनुभव कराना जारी रखेंगे। उनके बाद अर्जेंटीनी फुटबॉल में एंजेल डी मारिया जैसे दिग्गज भी फुटबॉल को अलविदा कह सकते हैं लेकिन साल बीतेंगे और डायबाला, मैकेलेस्टर, मोलीना और जुलियन एल्वारेज जैसे खिलाड़ी अनुभव के साथ खुद के रूप में एक नए सितारे को जन्म देने में सक्षम हैं।

मेस्सी के आंकड़े (अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल- सीनियर टीम)

मैच- 171

गोल- 96

अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल करियर- 2005 से अब तक

क्रिस्टियानो रोनाल्डो

फुटबॉल का एक और जादूगर। पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो। मेस्सी को अगर इस दौर में किसी खिलाड़ी से लगातार टक्कर मिलती रही तो वो क्रिस्टियानो रोनाल्डो ही हैं। पुर्तगाल का सफर फीफा विश्व कप 2022 में समाप्त हो चुका है और जब मोरोक्को के खिलाफ उनको क्वार्टर फाइनल में शिकस्त मिली तो रोनाल्डो के आंसू काफी कुछ कह रहे थे। ये आंसू सिर्फ एक मैच हारने के नहीं थे बल्कि ये फीफा विश्व कप कभी ना जीतने का मलाल भी दिखा रहा था। रोनाल्डो 37 साल के हो चुके हैं और अगले विश्व कप में उनका दिखना नामुमकिन सा है।

रोनाल्डो अब सिर्फ अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल को अलविदा कहेंगे या फिर क्लब फुटबॉल को भी, ये अभी कहना मुश्किल है, लेकिन मैनचेस्टर युनाइटेड से विवादित रूप से बाहर होने के बाद वो इस समय किसी भी टीम के सदस्य नहीं हैं। ऐसे में दोबारा उनका जलवा फैंस देख सकेंगे या नहीं, ये भी कहना मुश्किल है। रोनाल्डो के बिना भी फुटबॉल का मैदान सूना हो जाएगा, लेकिन एक हकीकत ये भी है कि उनकी भरपाई भी आने वाले दिनों में कई खिलाड़ी कर सकते हैं।

पुर्तगाल की तरफ से फीफा विश्व कप में एकमात्र हैट्रिक लगाने वाले रामोस हो या फिर मिडफील्ड और फॉर्वर्ड लाइन को मजबूती देने वाले बर्नान्डो सिल्वा, जाओ फेलिक्स और ब्रूनो फर्नान्डेस जैसे शानदार खिलाड़ी। ये सभी आने वाले समय में पुर्तगाल फुटबॉल को आगे ले जाने में सक्षम हैं। रोनाल्डो के स्तर और उनकी सफलताओं के करीब आने में तो काफी समय लगेगा लेकिन खेल की दुनिया में 'SHOW MUST GO ON' की पंक्ति हमेशा फिट बैठी है और हर दौर को अपना सितारा मिलता गया है। उम्मीद है कि रोनाल्डो और मेस्सी की भरपाई भी कोई ना कोई जरूर करेगा।

रोनाल्डो के आंकड़े (अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल- सीनियर टीम)

मैच- 196

गोल- 118

अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल करियर- 2003 से अब तक

शिवम अवस्थी
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article