Hockey World Cup 2026: पाकिस्तान हॉकी टीम के मुख्य चयनकर्ता समीउल्लाह खान ने कहा है कि उनकी टीम 19 अगस्त को होने वाले FIH पुरुष हॉकी विश्व कप मुकाबले में चिर प्रतिद्वंद्वी भारत को ड्रॉ पर रोक सकती है। उनके अनुसार यह मैच पूल चरण से आगे जाने के लिए बेहद अहम होगा। पाकिस्तान ने बुधवार को बेल्जियम और नीदरलैंड में 15 से 30 अगस्त तक होने वाले विश्व कप के लिए 20 सदस्यीय टीम की घोषणा की। पाकिस्तान की टीम 8 साल बाद इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में वापसी कर रही है। टीम को पूल डी में भारत, इंग्लैंड और वेल्स के साथ रखा गया है।
8 साल बाद वर्ल्ड कप खेल रही पाकिस्तान
समीउल्लाह ने कहा, "व्यावहारिक रूप से भारत के खिलाफ कम से कम ड्रॉ हासिल करना हमारे लिए जरूरी है। हमारे पास वेल्स को हराने की क्षमता है। लेकिन सबसे कठिन चुनौती इंग्लैंड होगी क्योंकि उसकी विश्व रैंकिंग काफी ऊपर है। फिलहाल FIH रैंकिंग में पाकिस्तान 12वें स्थान पर है।" पाकिस्तान के पूर्व कप्तान ने बताया कि टीम निदेशक और मुख्य कोच हरमन क्रूइस सीधे नीदरलैंड में टीम से जुड़ेंगे। वह टूर्नामेंट से पहले की तैयारी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। पाकिस्तान हॉकी महासंघ ने क्रूइस की मदद के लिए दो विदेशी कोच बॉब जोहान वेल्डहॉफ और क्रिस्टोफर बोवेन को भी नियुक्त किया है। समीउल्लाह के मुताबिक टीम का चयन राष्ट्रीय चयनकर्ताओं और नए विदेशी कोचिंग स्टाफ ने मिलकर किया है।
19 अगस्त को भारत-पाकिस्तान मुकाबला
पाकिस्तान अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत 15 अगस्त को नीदरलैंड के एम्सटेलवीन में इंग्लैंड के खिलाफ करेगा। भारत के खिलाफ बहुप्रतीक्षित मुकाबला 19 अगस्त को खेला जाएगा। समीउल्लाह ने कहा कि दक्षिण कोरिया के खिलाफ चल रही घरेलू टेस्ट सीरीज में मिल रही सफलता से टीम का मनोबल ऊंचा है। पाकिस्तान ने चार मैच की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त ले ली है। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शन से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा है और विश्व कप के लिए तैयारी अच्छी दिशा में है। भारत-पाकिस्तान का मैच हमेशा हाई-वोल्टेज होता है और इस बार भी दोनों टीमें पूल से नॉकआउट में पहुंचने के लिए इस मुकाबले को जीतना चाहेंगी।
