स्पोर्ट्स

Hockey Asia Cup 2025: एशिया कप के जरिए विश्व कप में जगह बनाने उतरेगी भारतीय हॉकी टीम, चीन से होगा पहला मुकाबला

Hockey Asia Cup 2025: बिहार के राजगीर में हॉकी एशिया कप का आयोजन किया जाने वाला है। ये टूर्नामेंट भारतीय हॉकी टीम के लिए बेहद ही खास होने वाला है और टीम इसे जीतकर अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप के लिए अपनी जगह पक्की करना चाहेगी। आइए जानते हैं इसकी पूरी जानकारी

Image

एशिया कप के लिए भारतीय हॉकी टीम तैयार (फोटो- AP)

Hockey Asia Cup 2025: तीन बार की चैम्पियन भारतीय हॉकी टीम अपने हालिया खराब फॉर्म को भुलाकर पुरुष एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट 2025 जीतने के इरादे से मैदान पर उतर रही है। यह टूर्नामेंट भारत के लिए बेहद अहम है क्योंकि जीत के साथ ही अगले साल होने वाले विश्व कप 2026 में जगह बनाने का रास्ता साफ होगा। भारत का पहला मुकाबला शुक्रवार को चीन से खेला जाएगा।

पूल ए और पूल बी में टीमों का बंटवारा

भारत और चीन को पूल ए में जापान और कजाखस्तान के साथ रखा गया है। वहीं पूल बी में पांच बार की चैम्पियन दक्षिण कोरिया, मलेशिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपै की टीमें हैं।कजाखस्तान तीन दशक बाद एशिया कप में वापसी कर रही है, जिसने इस बार ओमान की जगह ली है।वहीं बांग्लादेश की जगह पाकिस्तान को खेलना था, लेकिन सुरक्षा कारणों से उसने अपना नाम वापस ले लिया।

पाकिस्तान हुई बाहर

अप्रैल में पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले और उसके बाद भारत के ऑपरेशन सिंदूर के मद्देनज़र पाकिस्तान ने सुरक्षा कारणों का हवाला देकर एशिया कप से नाम वापस ले लिया। इससे टूर्नामेंट में नया संतुलन बना है और कजाखस्तान को मौका मिला है।

सेमीफाइनल और फाइनल की राह

प्रत्येक पूल से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। फाइनल मुकाबला 7 सितंबर को खेला जाएगा। यही टूर्नामेंट भारत के लिए विश्व कप में क्वालीफाई करने का अंतिम और सर्वश्रेष्ठ मौका है।

प्रो लीग में खराब प्रदर्शन, अब दबाव दोगुना

भारत ने इस साल एफआईएच प्रो लीग में बेहद खराब प्रदर्शन किया। टीम ने आठ में से सिर्फ एक मैच जीता और लगातार सात मैच गंवा दिए। नतीजतन भारत सातवें स्थान पर खिसक गया और सीधा क्वालीफाई करने का मौका गंवा बैठा। इसी कारण अब कोच क्रेग फुल्टोन पर दबाव है कि वे एशिया कप में अपनी सर्वश्रेष्ठ टीम उतारें।

डिफेंस और पेनल्टी कॉर्नर बने बड़ी चिंता

भारतीय टीम ने प्रो लीग में आठ मैचों में 26 गोल गंवाए, जिसमें डिफेंडरों की गलतियां साफ नजर आईं। कप्तान हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई में इस बार डिफेंस को मजबूती देनी होगी।पेनल्टी कॉर्नर भी चिंता का विषय है, क्योंकि ज्यादातर जिम्मेदारी हरमनप्रीत पर ही रहती है। उनकी गैरमौजूदगी में अमित रोहिदास, जुगराज सिंह और संजय उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए हैं।

गोलकीपिंग पर उठे सवाल

अनुभवी पी. आर. श्रीजेश के संन्यास के बाद गोलकीपिंग भारतीय टीम की सबसे कमजोर कड़ी मानी जा रही है। कृशन बहादुर पाठक हवा में आती गेंदों पर नियंत्रण नहीं रख पा रहे, वहीं सूरज करकेरा दबाव झेलने में नाकाम दिखे हैं।

आक्रामक खेल ताकत

हालांकि भारत ने 2023 एशियाई खेलों और 2024 एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी में 14 मैचों में कुल 94 गोल दागे थे। टीम की आक्रामकता उसकी सबसे बड़ी ताकत है, लेकिन एशिया कप 2022 की तरह इस बार भी टीम को आत्ममुग्धता से बचना होगा। पिछली बार भारत को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा था।

चीन को हल्के में नहीं ले सकता भारत

पहले मुकाबले में भारत का सामना विश्व रैंकिंग में 23वें स्थान पर काबिज चीन से होगा। भले ही चीन की टीम अपेक्षाकृत कमजोर मानी जाती हो, लेकिन उसके खिलाड़ी जवाबी हमलों में माहिर हैं। 2009 में मलेशिया में हुए एशिया कप में चीन तीसरे स्थान पर रह चुका है।

चीन की टीम की खासियत

चीन अब तक केवल एक बार 2008 में ओलंपिक खेल चुका है, जब वह 11वें स्थान पर रहा था। वहीं 2018 विश्व कप में चीन 10वें स्थान पर रहा। खास बात यह है कि चीन की मौजूदा टीम में अधिकांश खिलाड़ी मंगोलिया से आते हैं, जहां पारंपरिक खेल बेइकू हॉकी से काफी मिलता-जुलता है।

पहले दिन के अन्य मुकाबले

टूर्नामेंट के पहले दिन भारत-चीन मैच के अलावा अन्य रोमांचक मुकाबले भी होंगे। मलेशिया का सामना बांग्लादेश से, दक्षिण कोरिया का मुकाबला चीनी ताइपै से और जापान का मैच कजाखस्तान से होगा।

SIddharth Sharma
SIddharth Sharma author

सिद्धार्थ शर्मा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के स्पोर्ट्स डेस्क से जुड़े हैं। सिद्धार्थ को बचपन से ही खेलों, खासकर क्रिकेट में गहरी रुचि रही है और इसी जुनून ने उन्हें स्पोर्ट्स जर्नलिज्म की ओर खींचा। वह खिलाड़ियों के रिकॉर्ड्स और स्पोर्ट्स एनालिसिस पर मजबूत पकड़ रखते हैं। अबतक 4,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके सिद्धार्थ अपनी स्टोरीज को सरल, सटीक और रोचक अंदाज में प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रहती है कि पाठकों तक तेजी से, सही समय पर और विश्वसनीय स्पोर्ट्स अपडेट्स पहुंचें।

और पढ़ें
End of Article