लखनऊ: भारत की सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल सुपर 300 बैडमिंटन टूर्नामेंट में दोहरे खिताब जीतने की उम्मीदों को झटका लगा जिसमें रविवार को गत चैंपियन त्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी के साथ युवा खिलाड़ी तन्वी शर्मा को भी अपने फाइनल मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।
महिला युगल फाइनल में शीर्ष वरीय त्रीसा और गायत्री की जोड़ी एक गेम की बढ़त का फायदा नहीं उठा सकीं जिससे उन्हें इंडोनेशिया की इस्याना स्याहिरा मेइदा और रिंजानी क्विनारा नास्तिन की चौथी वरीयता प्राप्त जोड़ी से 24-22, 12-21, 19-21 से हार मिली। टूर्नामेंट में लगातार तीसरा खिताब जीतने के इरादे से उतरी भारतीय जोड़ी ने करीबी मुकाबले में पहला गेम 24-22 से जीतकर शानदार शुरुआत की। लेकिन दूसरे गेम में इंडोनेशियाई खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। उन्होंने रैलियों पर नियंत्रण बनाते हुए भारतीय जोड़ी की लय बिगड़ने का फायदा उठाया और 21-12 से गेम जीतकर मुकाबले को निर्णायक गेम तक पहुंचा दिया।
तीसरे गेम में त्रीसा और गायत्री ने फिर से नियंत्रण हासिल करने की कोशिश की और बढ़त भी बनाए रखी। लेकिन मेइदा और नास्तिन ने अंतिम चरण में जोरदार वापसी की। उन्होंने धैर्य बनाए रखते हुए भारतीय जोड़ी को 21-19 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। सेमीफाइनल में यूक्रेन की पोलिना बुहरोवा और येवेनिया कैंटेमिर को हराकर लगातार तीसरी बार टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची भारतीय जोड़ी के अभियान का निराशाजनक अंत हुआ।
इसके बाद महिला एकल फाइनल में दूसरी वरीय तन्वी भी अच्छी शुरुआत को खिताबी जीत में नहीं बदल सकीं। उन्हें थाईलैंड की चौथी वरीयता प्राप्त सुपानिडा काटेथोंग ने 11-21, 21-12, 21-15 से शिकस्त दी। इस सत्र में ताइपे ओपन सुपर 300 का खिताब जीत चुकी 17 वर्षीय तन्वी ने दबदबा बनाते हुए पहला गेम 21-11 से अपने नाम किया। लेकिन काटेथोंग ने तन्वी पर दबाव बनाते हुए 21-12 से दूसरा गेम जीतकर मुकाबले को 1-1 से बराबर कर दिया।
काटेथोंग ने निर्णायक गेम में भी अपनी लय बरकरार रखी जबकि तन्वी नियंत्रण हासिल करने के लिए संघर्ष करती नजर आईं। काटेथोंग ने अंतिम चरण में अपनी बढ़त बनाए रखते हुए मुकाबला जीत लिया और भारतीय युवा खिलाड़ी को पहले सैयद मोदी खिताब से वंचित कर दिया। तन्वी ने सेमीफाइनल में हमवतन उन्नति हुड्डा के खिलाफ शानदार वापसी करते हुए 11-21, 21-10, 21-13 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई थी।
(भाषा)
