Deepak Qazir Assaulted AT CINTAA Office: बॉलीवुड और टेलीविजन के जाने-माने अभिनेता दीपक काजिर केजरीवाल ने अपनी एक्टिंग से लोगों का खूब दिल जीता है। लेकिन हाल ही में दीपक काजिर को लेकर बड़ी खबर आ रही है। दरअसल, एक्टर ने सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) के दफ्तर में उनके साथ मारपीट होने का आरोप लगाया है। 73 साल के अभिनेता के मुताबिक, 26 नवंबर को जब वह संगठन के ऑफिस पहुंचे, तो उन्हें अंदर जाने से रोक दिया गया। इसके बाद वहां मौजूद कुछ लोगों ने उनके साथ बदसलूकी और मारपीट की। टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: CINTAA दफ्तर में अभिनेता Deepak Qazir के साथ मारपीट का आरोप, कैंसर से जूझ रहे हैं वरिष्ठ कलाकार
इस घटना के बारे में CINTAA की लाइफटाइम मेंबर डेजी क्लेमेंट्स ने भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दीपक काजिर को ऑफिस में जाने की अनुमति नहीं दी गई थी। जब अभिनेता ने इसकी वजह पूछी, तो वहां बहस शुरू हो गई। डेजी के मुताबिक, दीपक पराशर से सवाल-जवाब के बाद मामला और बढ़ गया और विवाद हाथापाई तक पहुंच गया। डेजी क्लेमेंट्स ने आरोप लगाया कि अरमान ताहिल, बृजेश, राम और सपन भट्टाचार्य ने दीपक काजिर के साथ लात-घूंसों से मारपीट की। इस घटना में अभिनेता को चोटें आईं। डेजी ने इस मामले पर चिंता जताते हुए बताया कि दीपक काजिर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से भी जूझ रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कलाकार अपने ही संगठन के दफ्तर में सुरक्षित नहीं हैं, तो यह बेहद चिंताजनक है। टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: Bigg Boss 20: लव गिल पर अभद्र टिप्पणी करने पर भड़के सलमान खान, स्काउट ओपी की लगाई क्लास
CINTAA ने भी दिया रिएक्शन
इस मामले पर अब CINTAA की अध्यक्ष और एक्ट्रेस उपासना सिंह का भी रिएक्शन आया है। उन्होंने NDTV संग बातचीत में बताया कि उन्होंने दीपक काजिर के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। उपासना सिंह का कहना है कि दीपक अक्सर CINTAA ऑफिस में हंगामा करते हैं और भद्दी भाषाओं का इस्तेमाल करते हैं। उपासना सिंह का कहना है कि उनकी CINTAA की सदस्यता रद्द कर दी गई है, इसी वजह से 26 नवंबर को उन्हें ऑफिस में अंदर हीं जाने दिया जा रहा था। लेकिन उन्होंने जबरन ऑफिस में घुसने की कोशिश की, जिसके बाद हंगामा शुरू हुआ।
बता दें कि दीपक काजिर केजरीवाल 'कहानी घर घर की', 'कसौटी जिंदगी की', 'बड़े अच्छे लगते हैं' और 'तेनाली रामा' जैसे टीवी शोज में काम किया है। इसके अलावा वह 'असुर' और 'स्कैम 2003: द तेलगी स्टोरी' जैसी वेब सीरीज में भी नजर आ चुके हैं। फिल्मों की बात करें तो वह 'जाने भी दो यारो', 'परदेस' और 'रूप की रानी चोरों का राजा' जैसी फिल्मों का हिस्सा रहे हैं।
