शहर

UP चुनाव से पहले निषाद पार्टी ने दिखाए तेवर? बोली- उम्मीदवारी वाली सीट पर नहीं करेंगे समझौता

UP Election 2027: निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने भाजपा नीत NDA में किसी तरह के असंतोष से इनकार किया। हालांकि, उन्होंने साफ कर दिया है कि जिन सीटों पर पार्टी ने 2022 में अपने उम्मीदवार उतारे थे, उन पर 2027 में कोई समझौता नहीं होगा।

Image

संजय निषाद (फोटो साभार- ANI)

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने साफ कर दिया है कि जिन सीटों पर पार्टी ने 2022 में अपने उम्मीदवार उतारे थे, उन पर 2027 में कोई समझौता नहीं होगा। रविवार को मिर्जापुर के राजकीय इंटर कॉलेज में निषाद पार्टी की ओर से आयोजित 'संवैधानिक अधिकार महासम्मेलन एवं पदयात्रा' के बाद संवाददाताओं से बातचीत में संजय निषाद ने यह बड़ा बयान दिया।

NDA में असंतोष से किया इनकार

उन्होंने भाजपा नीत NDA में किसी तरह के असंतोष से इनकार किया। निषाद आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा के प्रति हाल में दिए गए अपने तल्ख बयानों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "गठबंधन पहले से तय है और चिल्लाने से प्रेम कम नहीं होता।" संजय निषाद ने कहा, "वर्ष 2022 में हमने मझवां समेत 16 सीटों पर चुनाव लड़ा था और हम 2027 के विधानसभा चुनाव में किसी भी सीट पर समझौता नहीं करेंगे।"

योगी सरकार में मंत्री हैं संजय निषाद

2024 में मझवां सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवार उतारने के फैसले पर उन्होंने कहा कि ऐसा भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के आग्रह पर किया गया था। उन्होंने दावा किया कि मझवां के एक जनप्रतिनिधि और निषाद समाज के नेता ने इस सीट को अपनी प्रतिष्ठा का सवाल बनाते हुए इस्तीफे तक की पेशकश की थी। मंत्री ने आरोप लगाया कि उन्होंने राजनीति में हमेशा मर्यादा का पालन किया, लेकिन कुछ लोगों ने उनकी शराफत का गलत फायदा उठाया।

बता दें, मिर्जापुर की मझवां सीट निषाद पार्टी के विधायक डॉ. विनोद कुमार बिंद के लोकसभा सदस्य चुने जाने के बाद खाली हुई थी। उपचुनाव में भाजपा ने सुचिस्मिता मौर्य को उम्मीदवार बनाया था, जिन्होंने जीत हासिल की थी। सम्मेलन को संबोधित करते हुए संजय निषाद ने कार्यकर्ताओं से कहा कि अपना सम्मान दूसरों को देकर राजनीति नहीं की जा सकती। उन्होंने गठबंधन में मिलने वाली सीट पर बिंद और निषाद समाज का पहला हक होने की घोषणा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से चुनाव लड़ने और पार्टी के उम्मीदवारों को जिताने के लिए तैयार रहने का आह्वान किया।

टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- गोरखपुर में CM योगी ने गिनाईं बदलाव की बातें

कांग्रेस-बसपा पर साधा निशाना

कांग्रेस और बसपा पर निशाना साधते हुए संजय निषाद ने आरोप लगाया कि इन दलों ने निषाद समाज को उसका अधिकार नहीं मिलने दिया। मंत्री ने दोनों दलों को भ्रष्ट भी बताया। उन्होंने पूर्व सांसद फूलन देवी के समर्थन में नारे लगाते हुए कहा कि सबसे पहले फूलन देवी ने निषाद समाज के अधिकारों की आवाज उठाई और लोगों को जागरूक करने का काम किया था।

मिर्जापुर से राजनीतिक जुड़ाव

संजय निषाद ने मिर्जापुर से अपने राजनीतिक जुड़ाव का उल्लेख करते हुए कहा कि निषाद पार्टी के गठन से पहले प्रयागराज में पार्टी बनाने का संकल्प लिया गया था और बाद में इसका गठन गोरखपुर में हुआ। हालांकि, वर्ष 2017 में मिर्जापुर मंडल की ज्ञानपुर विधानसभा सीट ने पार्टी को पहचान दिलाई। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में निषाद पार्टी किसी भी दल के साथ गठबंधन में नहीं थी, इसके बावजूद क्षेत्र के लोगों ने उसे समर्थन दिया था।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article