देश

'तमिल विरोधी ताकत है RSS, परिसीमन बिल तमिल संस्कृति पर हमले की शुरुआत', राहुल गांधी का करारा वार

राहुल गांधी ने RSS पर निशाना साधते हुए कहा कि RSS तमिल विरोधी ताकत है। संघ तमिल सभ्यता की अवधारणा का विरोध करता है। जब भाजपा 850 सीटों के साथ भारत के निर्वाचन क्षेत्रों का नए सिरे से गठन करेगी, तब देश में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा और तमिल संस्कृति तथा तमिल भाषा पर व्यापक हमला शुरू होगा।

Image

राहुल गांधी ने बोला हमला।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर हमला बोला है। उन्होंने संघ को 'तमिल विरोधी ताकत' करार दिया। साथ ही राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने और परिसीमन के जरिए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं नए सिरे से तय करने की योजना भारतीय लोकतंत्र को खत्म कर देगी। उन्होंने ये बातें चेन्नई में परिसीमन बिल पर एनके स्टालिन से समर्थन की अपील के बाद प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहीं। यहां बोलते हुए राहुल गांधी ने इसे तमिल संस्कृति और तमिल भाषा पर बड़े हमले की शुरुआत भी बताया।

उन्होंने कहा कि भाजपा अगर 850 सीटों वाली लोकसभा के निर्वाचन क्षेत्रों को अपनी मर्जी से नए सिरे से आकार देती है तो इससे न केवल भारतीय लोकतंत्र, बल्कि दक्षिण भारत और खासकर तमिलनाडु को नुकसान पहुंचेगा।

'RSS तमिल सभ्यता की अवधारणा का विरोध करता है'

राहुल गांधी ने RSS पर निशाना साधते हुए कहा कि RSS तमिल विरोधी ताकत है। संघ तमिल सभ्यता की अवधारणा का विरोध करता है। जब भाजपा 850 सीटों के साथ भारत के निर्वाचन क्षेत्रों का नए सिरे से गठन करेगी, तब देश में लोकतंत्र खत्म हो जाएगा और तमिल संस्कृति तथा तमिल भाषा पर व्यापक हमला शुरू होगा। मेरी बात याद रखिएगा। उन्होंने कहा कि एमके स्टालिन तमिलनाडु के मजबूत रक्षक हैं और उन्हें भाजपा की इस कथित योजना के खिलाफ खड़ा होना चाहिए।

स्टालिन से मुलाकात में परिसीमन पर जताई चिंता

राहुल गांधी ने स्टालिन के साथ हुई मुलाकात को सौहार्दपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि बैठक में डीएमके अध्यक्ष के सामने कांग्रेस ने अपना पक्ष रखा है। राहुल ने कहा कि 850 सदस्यों वाली लोकसभा और परिसीमन के जरिए निर्वाचन क्षेत्रों की प्रकृति बदलने का प्रस्ताव पूरे देश के लिए नुकसानदेह हो सकता है।

उन्होंने कहा कि हमने भाई स्टालिन से कहा कि यह तमिल संस्कृति, तमिल भाषा, तमिल लोगों, भारतीय संघ और भारत के लिए खतरा है। स्टालिन को देश के सभी देशभक्त लोगों की तरह इस खतरे के खिलाफ खड़ा होना चाहिए। हालांकि, राहुल गांधी ने यह भी कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि डीएमके ने इस मुद्दे पर क्या कहा है या क्या कदम उठाए हैं। वह केवल स्टालिन के साथ हुई बातचीत में कांग्रेस की ओर से रखे गए विचार साझा कर रहे हैं।

30 नवंबर को संसद में विपक्ष की रणनीति पर मंथन

परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े प्रस्तावों पर संसद में सरकार और विपक्ष के बीच टकराव के आसार हैं। इसी सिलसिले में INDIA गठबंधन के दोनों सदनों के फ्लोर लीडर 30 नवंबर को सुबह 9:45 बजे नई संसद भवन के कमरा नंबर G-19 में बैठक करेंगे।

इस बैठक में संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 और परिसीमन (दूसरा) विधेयक, 2026 को लेकर साझा रणनीति तैयार की जाएगी। संसद का विशेष सत्र भी 30 नवंबर से शुरू होने वाला है। प्रस्तावित विधायी पैकेज में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने का प्रावधान शामिल है। इसके तहत राज्यों से अधिकतम 815 और केंद्र शासित प्रदेशों से 35 सदस्य हो सकते हैं। इसके साथ ही केंद्र शासित प्रदेशों से जुड़े कानूनों में संशोधन का प्रस्ताव भी शामिल है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article