स्पोर्ट्स

HIH हॉकी विश्व कप 2026 क्वालीफायर: स्कॉटलैंड ने भारत को 2-2 की बराबरी पर रोका

भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 क्वालीफायर के पूल बी के अपने दूसरे मैच में सोमवार को स्कॉटलैंड के खिलाफ कड़े मुकाबले में 2-2 से ड्रॉ खेला। भारत की तरफ से नवनीत कौर और सुनेलिता टोप्पो ने गोल दागे। वहीं, स्कॉटलैंड की तरफ से फियोना बर्नेट और हीथर ने गोल किए।

Image

स्कॉटलैंड के खिलाफ भारतीय हॉकी टीम। फोटो- Hockey India

हैदराबाद। भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 क्वालीफायर के पूल बी के अपने दूसरे मैच में सोमवार को स्कॉटलैंड के खिलाफ कड़े मुकाबले में 2-2 से ड्रॉ खेला। इस परिणाम के साथ भारत और स्कॉटलैंड दोनों के नाम चार-चार अंक हो गए हैं। भारत हालांकि बेहतर गोल अंतर के कारण पूल तालिका में शीर्ष पर है।

जी.एम.सी. बालायोगी हॉकी मैदान पर खेले गए मैच में नवनीत कौर (18वें मिनट) और सुनेलिता टोप्पो (29वें मिनट) ने भारत के लिए गोल किए, जबकि हीथर मैकएवान (छठे मिनट) और फियोना बर्नेट (33वें मिनट) ने स्कॉटलैंड के लिए गोल दागे। मैच की शुरुआत में दोनों टीमों ने धैर्यपूर्वक पासिंग गेम खेलने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान स्कॉटलैंड के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल दिखाया।

स्कॉटलैंड ने बनाई बढ़त

मैच के छठे मिनट में भारतीय रक्षापंक्ति की चूक का स्कॉटलैंड ने फायदा उठाया और मैकएवान ने गोल करके अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। भारत ने लगातार आगे बढ़कर हमले किए। लालरेम्सियामी ने भारत के लिए पहला पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन उदिता का ड्रैग-फ्लिक शॉट लक्ष्य से बाहर चला गया। भारत ने दबाव बनाए रखा और 14वें मिनट में दूसरा पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया। लेकिन एक चूक के कारण स्कॉटलैंड को जवाबी हमला करने का मौका मिल गया, जिसे सुशीला ने रोका।

दूसरे क्वार्टर में भारत ने जल्दी ही नियंत्रण हासिल कर लिया। 17वें मिनट में उन्हें तीसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला। पेनल्टी कॉर्नर पर एक और चूक के बावजूद, नवनीत ने शानदार वापसी करते हुए सही पोजीशन ली और स्कॉटिश गोलकीपर जेसिका बुकानन को पछाड़ते हुए गेंद को गोल में डालकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। स्कॉटलैंड ने हमला तेज करते हुए लगातार भारतीय सर्कल में प्रवेश कर मेजबान टीम पर दबाव बनाया।

हाफ टाइम तक भारत ने बनाई बढ़त

भारत ने हालांकि 29वें मिनट में जोरदार वापसी की। पेनल्टी कॉर्नर से गोलपोस्ट से टकराकर वापस आई गेंद के बाद, सुनेलिता टोप्पो ने सूझबूझ दिखाते हुए गेंद को गोल में डाल दिया, जिससे भारत ने हाफ टाइम से पहले 2-1 की बढ़त बना ली। तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमें गेंद पर कब्जा करने के लिए जमकर संघर्ष करती रहीं। 33वें मिनट में स्कॉटलैंड ने मैकएवान द्वारा बनाए गए एक शानदार मौके को बर्नेट ने गोल में बदलकर स्कोर बराबर कर दिया।

भारत का अगला मुकाबला 11 मार्च को

स्कॉटलैंड ने अगले कुछ मिनटों तक खेल पर अपना दबदबा बनाए रखा और भारत को आक्रमण करने का मौका नहीं दिया। चौथे क्वार्टर की शुरुआत में ही भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन बुकानन ने शानदार बचाव करते हुए उसे रोक दिया। भारत को आखिरी मिनटों में मैच का नौवां पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन बुकानन ने एक बार फिर शानदार बचाव कर बढ़त लेने से रोक दिया। भारत ने पूल चरण के शुरुआती मैच में उरुगवे को 4-0 से हराया था। अब टीम का अगला मुकाबला 11 मार्च को वेल्स से होगा।

Umesh Kumar
उमेश कुमारauthor

उमेश कुमार पत्रकारिता में पिछले 7 वर्षों से सक्रिय हैं। उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से करने के बाद उन्होंने डिजिटल मीडिया में बतौर स्पोर्ट्स राइटर अपनी मजबूत पहचान बनाई। उमेश ने अमर उजाला (प्रिंट), ईटीवी भारत (हैदराबाद), दैनिक भास्कर और दैनिक जागरण जैसे संस्थानों के साथ काम किया है। उमेश ने क्रिकेट की कई बायलेटरल सीरीज, आईपीएल, वर्ल्ड कप, प्रो कबड्डी लीग, फीफा वर्ल्ड कप, हॉकी वर्ल्ड कप और ओलंपिक जैसे बड़े राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। खेलों की गहरी समझ और डेटा-ड्रिवन स्टोरीटेलिंग उनकी लेखनी की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article