मैक्सिको सिटी: फुटबॉल के महाकुंभ यानी फीफा विश्व कप 2026 का रंगारंग आगाज सह मेजबान मैक्सिको के एस्टाडियो एज़्टेका में रंगारंग ओपनिंग सेरेमनी के साथ हो गया। समारोह की सबसे बड़ी आकर्षण वैश्विक पॉप स्टार शकीरा रहीं। वर्ल्ड कप क्वीन के नाम से मशहूर पॉप सिंगर शकीरा ने टूर्नामेंट के आधिकारिक एंथम ‘Dai Dai’ पर शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों का दिल जीत लिया। इस दौरान उनके साथ नाइजीरिया के मशहूर गायक बर्ना बॉय भी मंच पर मौजूद रहे। मेक्सिको सिटी के ऐतिहासिक एज़्टेका स्टेडियम में शकीरा ने न सिर्फ अपने गीत से समां बांधा, बल्कि अपने मशहूर डांस मूव्स से भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके साथ ही शकीरा पांच बार फीफा विश्व कप की ओपनिंग सेरेमनी में शिरकत करने वाली दुनिया की पहली सेलेब्रिटी बन गईं।
उद्घाटन समारोह में मैदान के बीचोंबीच विशाल ट्रॉफी का रोचक अंदाज में उभरना और पारंपरिक व रंग-बिरंगे परिधानों में कलाकारों की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रही। सोशल मीडिया पर शकीरा की प्रस्तुति के वीडियो और क्लिप तेजी से वायरल होने लगे। सोशल मीडिया पर प्रशंसकों ने उनकी ऊर्जा व शानदार स्टेज परफॉर्मेंस की जमकर सराहना की। अपने प्रदर्शन से कुछ घंटे पहले शकीरा ने रिहर्सल की तस्वीरें भी साझा की थीं। उन्होंने लिखा,'पूरे हफ्ते लगातार रिहर्सल चलती रही। अब हम पूरी तरह तैयार हैं और कल उद्घाटन समारोह में आप सभी से मिलने का इंतजार नहीं कर सकती।'
शकीरा का फीफा विश्व कप से है पुराना नाता
फुटबॉल और शकीरा का रिश्ता वर्षों पुराना है। 2010 फीफा विश्व कप का उनका मशहूर गीत “वाका वाका(दिस टाइम फॉर अफ्रीका)” आज भी विश्व कप इतिहास के सबसे लोकप्रिय गीतों में गिना जाता है। इस गाने ने कई अंतरराष्ट्रीय संगीत चार्ट्स पर शानदार सफलता हासिल की थी और लंबे समय तक लैटिन डिजिटल सॉन्ग सेल्स चार्ट में नंबर-1 पर बना रहा।
पहली बार 48 देश ले रहे हैं भाग
फीफा विश्व कप 2026 में 48 देश भाग ले रहे हैं और तीन देशों की मेजबानी में पहली बार टूर्नामेंट का आयोजन हो रहा है। मैक्सिको में ओपनिंग सेरेमनी के बाद अन्य दो मेजबानों अमेरिका और कनाडा में भी ओपनिंग सेरेमनी आयोजित की जाएगी। टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में सह-मेजबान मेक्सिको का सामना दक्षिण अफ्रीका से हुआ। टूर्नामेंट में 104 मुकाबले कनाडा, मेक्सिको और अमेरिका में खेले जाएंगे।
