स्पोर्ट्स

FIFA World Cup 2022: पोलैंड को पटखनी देकर क्वार्टर फाइनल में पहुंचा डिफेंडिंग चैंपियन फ्रांस

  • Authored by: नवीन चौहानWritten by: नवीन चौहान
  • Updated Dec 4, 2022, 11:28 PM IST

डिफेंडिंग चैंपियन फ्रांस ने पोलैंड को फीफा विश्व कप 2022 के प्री क्वार्टर फाइनल मुकाबले में 3-1 के अंतर से पटखनी देकर अंतिम आठ में अपनी जगह पक्की कर ली है। इस मुकाबले में फ्रांस की जीत के हीरो गिरौड और एम्बापे रहे।

Image

ओलिवर गिरौड और काइलिअन एम्बापे( साभार AP)

दोहा: डिफेंडिंग चैंपियन फ्रांस ने रविवार को खेले गए राउंड-16 के मुकाबले में पोलैंड को 3-1 के अंतर से मात देकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया। फ्रांस के लिए गोल सेंटर फारवर्ड ओलिवर गिरौड और स्ट्राइकर एम्पापे ने किए। गिरौड ने पहले हॉफ के आखिर में 44वें मिनट में मैच का पहला गोल करके अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद सेकेंड हाफ में 74वें मिनट में एम्बापे ने गोल करके फ्रांस की बढ़त को दुगना कर दिया। मैच के खत्म होने से ठीक पहले एम्बापे ने 90+1 एक बार फिर अपना क्लास दिखाया और डी के बाहर से गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाकर अपनी टीम की जीत पक्की कर दी। इंजुरी टाइम में पोलेंड को पेनल्टी के जरिए गोल अंतर को कम करने का मौका मिला और रॉबर्ट लिवानडॉस्की ने टीम के लिए एकलौता गोल किया।

दोनों टीमों के बीच हुई फर्स्ट हाफ में कांटे की टक्कर

मैच के पहले हाफ में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर हुई। शुरुआती 44 मिनट तक दोनों टीमें एक दूसरे को डिफेंस को भेदने में नाकाम रहीं। फ्रांस ने जहां 10 बार गोल को निशाना बनाया वहीं पोलैंड 8 बार ऐसा कर सकी। लेकिन फर्स्ट हाफ के अंतिम क्षणों में ओलिवर गिरौड पौलैंड के गोल को भेदने में सफल रहे। इसके साथ ही वो फ्रांस के लिए इतिहास में सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए। मैच में फ्रांस के लिए तीसरा गोल एम्बापे ने 90वां मिनट पूरा होने के बाद किया। इस मैच में दो गोल करके एम्बापे टूर्नामेंट में कुल 5 गोल के साथ गोल्डन बूट हासिल करने की रेस में सबसे आगे निकल गए।

एम्बापे ने कायम किया नया रिकॉर्ड

एम्बापे के फीफा विश्व कप में गोल की संख्या 9 हो गई है। वो फीफा विश्व कप के इतिहास में 24 साल के होने से पहले 8 गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए। फ्रांस की टीम लगातार तीसरी बार (2014, 2018, 2022) फीफा विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में सफल हुई है। ऐसा उसके फुटबॉल इतिहास में पहली बार हुआ है।

नवीन चौहान
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article