बिजनेस

सनराइजर्स हैदराबाद की मालकिन काव्या मारन के पास कितनी संपत्ति? करने जा रही हैं फेमस संगीतकार से शादी, जानिए सबकुछ

Kavya Maran Net Worth: सनराइजर्स हैदराबाद की सह मालकिन और सीईओ काव्या मारन और संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर की शादी की खबरों के बीच उनकी कुल संपत्ति और पारिवारिक पृष्ठभूमि चर्चा का विषय बनी हुई है।

Image

काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर की शादी की चर्चाओं के बीच जानिए उनकी नेट वर्थ और परिवार के बारे में सब कुछ (तस्वीर- X/instagram)

Kavya Maran Net Worth: आईपीएल की मशहूर फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की सह मालकिन और सीईओ काव्या मारन इन दिनों सुर्खियों में बनी हुई हैं। इसकी मुख्य वजह उनकी शादी जाने-माने संगीतकार अनिरुद्ध रविचंदर के साथ शादी होने वाली है। इन चर्चाओं ने एक बार फिर से लोगों का ध्यान काव्या मारन के परिवार, उनकी संपत्ति और उनके करियर की ओर आकर्षित किया है। हालांकि दोनों की शादी की तारीखों और आयोजनों को लेकर तारीखों का ऐलान नहीं किया गया हैं, लेकिन इस बीच उनके पारिवारिक साम्राज्य और नेट वर्थ को लेकर लोगों में काफी उत्सुकता बढ़ गई है।

काव्या मारन की नेट वर्थ और पारिवारिक पृष्ठभूमि

काव्या मारन की व्यक्तिगत और आधिकारिक नेट वर्थ की सटीक जानकारी सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं है। हालांकि, वह एक बेहद अमीर और प्रतिष्ठित कारोबारी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। उनके पिता कलानिधि मारन सन ग्रुप के चेयरमैन हैं, जिनकी कुल संपत्ति फोर्ब्स के अनुसार करीब 2.6 अरब डॉलर यानी भारतीय करेंसी में करीब 24,692.39 करोड़ रुपये आंकी गई है। कलानिधि मारन ने अपने परिवार के प्रकाशन बिजनेस से शुरुआत करने के बाद मीडिया की दुनिया में कदम रखा। उन्होंने साल 1993 में सन टीवी नेटवर्क की स्थापना की थी, जो आज भारत के सबसे बड़े क्षेत्रीय टेलीविजन नेटवर्क्स में से एक बन चुका है। वर्तमान में सन टीवी के पास 37 चैनल्स हैं जो देश भर के 140 मिलियन से अधिक घरों तक अपनी पहुंच रखते हैं।

शैक्षणिक योग्यता और करियर की शुरुआत

काव्या मारन की शिक्षा की बात करें तो उन्होंने अपनी ग्रेजुएशन की पढ़ाई चेन्नई के प्रतिष्ठित स्टेला मारिस कॉलेज से पूरी की। इसके बाद उन्होंने आगे की पढ़ाई के लिए यूनाइटेड किंगडम (यूके) का रुख किया, जहां से उन्होंने वारविक बिजनेस स्कूल से एमबीए की डिग्री हासिल की। अपनी शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने मीडिया और स्पोर्ट्स बिजनेस में अपना करियर शुरू किया। काव्या मारन को सबसे ज्यादा पहचान आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद की कमान संभालने के बाद मिली। सन ग्रुप के स्वामित्व वाली इस टीम के साथ वह सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं और आईपीएल मैचों के दौरान अपनी टीम का हौसला बढ़ाते हुए स्टेडियम में अक्सर नजर आती हैं। क्रिकेट प्रेमियों के बीच वह अपनी नेतृत्व शैली और टीम के प्रति समर्पण के लिए काफी लोकप्रिय हैं।

शादी की चर्चाएं और तारीखों को लेकर असमंजस

काव्या मारन और अनिरुद्ध रविचंदर की शादी को लेकर सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स में कई तरह की तारीखें और वेन्यू सामने आ रहे हैं। 'पिंकविला' ने 'वलई पेचू' की एक रिपोर्ट के अनुसार बताया कि यह जोड़ा 11 नवंबर को ग्रीस में विवाह के बंधन में बंध सकता है। इसी रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया था कि 14 नवंबर को चेन्नई के एक फाइव स्टार होटल में रिसेप्शन का आयोजन किया जाएगा। हालांकि, ये तारीखें तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर साझा की गई जानकारी से मेल नहीं खाती हैं।

मुख्यमंत्री को दिया गया शादी का निमंत्रण

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने अपने आधिकारिक हैंडल पर कुछ तस्वीरें और वीडियो साझा किए थे, जिनमें काव्या मारन के माता-पिता कलानिधि मारन और कावेरी मारन हैदराबाद के जुबली हिल्स स्थित उनके आवास पर उन्हें बेटी के रिसेप्शन में आमंत्रित करने पहुंचे थे। अपने पोस्ट में मुख्यमंत्री ने जानकारी दी थी कि सन ग्रुप के चेयरमैन और उनकी पत्नी ने उन्हें अपनी बेटी के रिसेप्शन के लिए आमंत्रित किया है, जो चेन्नई में 21 नवंबर को आयोजित होने वाला है। इस प्रकार, शादी की तारीखों को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक दोनों परिवारों की तरफ से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

शादी के मेहमानों की सूची में बड़े नाम

इन चर्चाओं के बीच यह खबर भी सामने आ रही है कि दक्षिण भारत के सुपरस्टार थलापति विजय को इस शादी में आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा फिल्म और राजनीतिक जगत की कई अन्य जानी-मानी हस्तियों को भी न्योता भेजे जाने की अटकलें लगाई जा रही हैं। हालांकि, अभी तक पूरी गेस्ट लिस्ट या मेहमानों की लिस्ट की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। ग्रीस में होने वाले कथित विवाह समारोह और चेन्नई के रिसेप्शन से जुड़े तमाम डिटेल अभी भी अनिश्चित हैं और आने वाले दिनों में ही इस पर स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट हो सकेगी।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article