वायरल न्यूज़

अंग्रेजी छोड़िए, अब भोजपुरी में Python सीखा रहा Gemini, देसी अंदाज सुनकर लोटपोट हुए लोग

Gemini का भोजपुरी अंदाज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। AI ने देसी भाषा में Python के Loop को समझाया, जिसे सुनकर लोग बोले- United States of Bihar!

Image

भोजपुरी में प्रोग्रामिंग सीखाता AI (Instagram/@dhavalcodebasics)

आज के समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तेजी से आगे बढ़ रहा है। अब AI सिर्फ अंग्रेजी ही नहीं, बल्कि भारत की कई भाषाओं में भी लोगों से बात कर सकता है। इसका एक मजेदार वीडियो सोशल मीडिया पर देखने को मिला। जहां Google के AI टूल Gemini का एक वीडियो वायरल (Video Viral) हो रहा है, जिसमें वह भोजपुरी भाषा में Python प्रोग्रामिंग सिखाता नजर आ रहा है। उसका देसी अंदाज सुनकर लोग खूब मजे ले रहे हैं।

भोजपुरी में Python समझाने लगा Gemini

सोशल मीडिया (Social Media) पर यह वीडियो धवल पटेल ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया है। धवल अमेरिका के न्यू जर्सी में रहते हैं और कोडबेसिक्स और एटलीक्यू टेक्नोलॉजीज (Codebasics और AtliQ Technologies) के फाउंडर हैं। वीडियो में वह गूगल डीपमाइंड (Google DeepMind) के एक इंजीनियर का डेमो दिखाते हैं, जिसमें Gemini को भोजपुरी में प्रोग्रामिंग समझाते हुए सुना जा सकता है। वीडियो की शुरुआत में Gemini कहता है, 'आज हमने के बुझल जाई कि Python में loop का होला?' इसके बाद वह आसान भोजपुरी में बताता है कि लूप का मतलब किसी काम को बार-बार दोहराना होता है। इसके बाद वह इसके लिए एक उदाहरण देते हुए वह समझाता है कि अगर एक से पांच तक गिनती छापनी हो, तो इसके लिए Python में 'for loop' का इस्तेमाल किया जा सकता है। इस तरह मुश्किल लगने वाली कोडिंग को भी देसी भाषा में समझाने की कोशिश की गई है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

'अंग्रेजी में त बहुत कोई सिखावे ला'

वीडियो (Video) में Gemini का अंदाज लोगों को सबसे ज्यादा पसंद आ रहा है। वह भोजपुरी में कहता है कि अंग्रेजी में तो बहुत लोग सिखाते हैं, लेकिन अपनी भाषा में Python सीखने का मजा ही अलग है। उसका यह देसी अंदाज इंटरनेट पर लोगों को हंसा भी रहा है और हैरान भी कर रहा है। आमतौर पर प्रोग्रामिंग सीखने के लिए अंग्रेजी का इस्तेमाल ज्यादा होता है। ऐसे में भोजपुरी जैसी क्षेत्रीय भाषा में इसे समझाने का तरीका लोगों को काफी दिलचस्प लग रहा है।

लोगों ने कहा- United States of Bihar!

वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने मजेदार कमेंट्स भी किए। एक यूजर ने लिखा, 'United States of Bihar'। वहीं, एक अन्य यूजर ने भोजपुरी को अंतरराष्ट्रीय भाषा बताते हुए अपनी खुशी जाहिर की। कुछ लोगों ने इस बात की भी चर्चा की कि AI के जरिए अब लोग अपनी पसंद की भाषा में नई चीजें सीख सकते हैं। हालांकि, कुछ यूजर्स ने AI के जवाबों में और क्रिएटिविटी लाने की जरूरत भी बताई।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article