स्पोर्ट्स

CWG 2030: भारत दूसरी बार करेगा राष्टमंडल खेलों की मेजबानी, गृह मंत्री अमित शाह ने दी देशवासियों को बधाई

राष्ट्रमंडल खेल के कार्यकारी बोर्ड ने बुधवार को 2030 राष्ट्रमंडल खेलों के प्रस्तावित मेजबान के रूप में अहमदाबाद के नाम की सिफारिश की है। गृह मंत्री अमित शाह ने देश को इस मौके पर बधाई दी है।

Image

कॉमनवेल्थ गेम्स फेडरेशन लोगो

नई दिल्ली: राष्ट्रमंडल खेल के कार्यकारी बोर्ड ने बुधवार को 2030 राष्ट्रमंडल खेलों के प्रस्तावित मेजबान के रूप में अहमदाबाद के नाम की सिफारिश की और अंतिम फैसला 26 नवंबर को इसकी आम सभा की बैठक में लिया जाएगा। भारत को नाइजीरिया से प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा था लेकिन राष्ट्रमंडल खेल ने भविष्य के खेलों के लिए इस अफ्रीकी देश की मेजबानी की महत्वाकांक्षाओं को ‘समर्थन और गति प्रदान करने के लिए एक रणनीति विकसित करने’ का निर्णय लिया है जिसमें 2034 खेलों की मेजबानी पर विचार भी शामिल है।

राष्ट्रमंडल खेल ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा,'राष्ट्रमंडल खेल के कार्यकारी बोर्ड ने आज पुष्टि की है कि वह 2030 शताब्दी राष्ट्रमंडल खेलों के लिए प्रस्तावित मेजबान शहर के रूप में भारत के अहमदाबाद की सिफारिश करेगा।अहमदाबाद को अब पूर्ण राष्ट्रमंडल खेल सदस्यता के लिए प्रस्तावित किया जाएगा जिस पर अंतिम फैसला 26 नवंबर को ग्लासगो में राष्ट्रमंडल खेल महासभा में लिया जाएगा।'

देश के लिए अपार हर्ष और गौरव का दिन

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद को 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी पक्की होने पर देशवासियों को बधाई दी है। अमित शाह ने ट्वीट करके बधाई देते हुए कहा, भारत के लिए अपार हर्ष और गौरव का दिन। कॉमनवेल्थ एसोसिएशन द्वारा अहमदाबाद में 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी के लिए भारत की बोली को मंजूरी दिए जाने पर भारत के प्रत्येक नागरिक को हार्दिक बधाई। यह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के भारत को विश्व खेल मानचित्र पर स्थापित करने के अथक प्रयासों का एक शानदार समर्थन है। विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे का निर्माण और देश भर में खेल प्रतिभाओं का एक विशाल समूह तैयार करके, मोदी जी ने भारत को एक अद्भुत खेल स्थल में परिवर्तित कर दिया है।

2030 में राष्ट्रमंडल खेलों के पूरे होंगे 100 साल

राष्ट्रमंडल खेलों की शुरुआत साल 1930 में कनाडा के ओंटोरियो में ब्रिटेश अंपायर्स गेम्स के नाम से हुई थी। राष्ट्रमंडल खेलों को 100 साल 2030 में पूरे होंगे। ऐसे में अहमदाबाद में होने वाले खेलों की अहमियत और बढ़ गई है। भारत ने 2010 के सत्र की मेजबानी नई दिल्ली में की थी। 20 साल बाद भारत एक बार फिर राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करता नजर आएगा। 19वें राष्ट्रमंडल खेलों में बतौर मेजबान भारत ने शानदार प्रदर्शन किया था।

दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में दूसरे पायदान पर रहा था भारत

38 गोल्ड मेडल के साथ दूसरे पायदान पर रहा था। भारत ने दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में 38 गोल्ड, 27 रजत और 36 कांस्य पदक सहित 101 मेडल अपने नाम किए थे। वहीं पहले पायदान पर रहे ऑस्ट्रेलिया ने 74 गोल्ड, 55 रजत और 48 सहित कुल 177 मेडल जीते थे। इंग्लैंड 37 गोल्ड, 60 रजत और 36 कांस्य पदक के साथ तीसरे स्थान पर रहा था।

(भाषा इनपुट के साथ)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article