स्पोर्ट्स

गुकेश, प्रज्ञानानंदा और वैशाली करेंगे चेज ओलंपियाड में भारत की अगुआई, उज्बेकिस्तान के समरकंद में होगा आयोजन

विश्व चैंपियन डी. गुकेश, शानदार फॉर्म में चल रहे आर प्रज्ञानानंदा और महिला कैंडिडेट्स विजेता आर वैशाली की अगुआई में भारत उज्बेकिस्तान के समरकंद में होने वाले फिडे शतरंज ओलंपियाड में अपनी चुनौती पेश करेगा।

Image

चेस ओलंपियाड

नई दिल्ली: विश्व चैंपियन डी. गुकेश, शानदार फॉर्म में चल रहे आर प्रज्ञानानंदा और महिला कैंडिडेट्स विजेता आर वैशाली की अगुआई में भारत ने 16 से 27 सितंबर तक उज्बेकिस्तान के समरकंद में होने वाले फिडे शतरंज ओलंपियाड के लिए मजबूत टीम की घोषणा की है। भारतीय पुरुष और महिला दोनों वर्ग में मौजूदा चैंपियन हैं। पांच-पांच सदस्यीय दोनों टीमों ने 2024 में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने वर्ग का खिताब जीता था।

एरिगैसी, सरीन और विदित को भी मिली है जगह

ओपन वर्ग की टीम में गुकेश, प्रज्ञानानंदा के अलावा अर्जुन एरिगैसी, निहाल सरीन और विदित गुजराती को शामिल किया गया है। सरीन 2024 में खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा नहीं थे। महिला टीम में देश की शीर्ष खिलाड़ियों को जगह मिली है। टीम में कोनेरू हम्पी, आर वैशाली, विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख, वंतिका अग्रवाल और सविता श्री बी शामिल हैं। इसमें से हम्पी और सविता श्री 2024 में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम में शामिल नहीं थे।

शानदार फॉर्म में है प्रज्ञानानंदा

बीस वर्षीय प्रज्ञानानंदा इस समय शानदार लय में हैं। उन्होंने जून में नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट का खिताब जीता था। इस दौरान उन्होंने विश्व के नंबर एक खिलाड़ी और पांच बार के विश्व चैंपियन मैग्नस कार्लसन सहित गुकेश को भी हराया था। गुकेश हाल के समय में अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं दिखे हैं। हाल ही में संपन्न चेन्नई ग्रैंड मास्टर्स टूर्नामेंट में उन्होंने सात में से तीन मुकाबले गंवाए और केवल दो अंक के साथ अंतिम स्थान पर रहे। इस वर्ष अप्रैल में वैशाली फिडे महिला कैंडिडेट्स टूर्नामेंट जीतने वाली पहली भारतीय महिला शतरंज खिलाड़ी बनी थीं। इसके साथ ही उन्होंने महिला विश्व शतरंज चैंपियनशिप में चीन की जू वेनजुन को चुनौती देने का अधिकार हासिल किया।

भारतीय टीम:

ओपन वर्ग:

डी. गुकेश, अर्जुन एरिगैसी, आर. प्रज्ञानानंदा, निहाल सरीन और विदित गुजराती।

कप्तान: श्रीनाथ नारायणन।

महिला वर्ग: कोनेरू हम्पी, आर. वैशाली, दिव्या देशमुख, वंतिका अग्रवाल और सविता श्री बी।

कप्तान: स्वयं मिश्रा।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article