पुर्तगाल के महान फुटबॉल खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो (Cristiano Ronaldo) ने अपने आलोचकों को करारा जवाब देते हुए कहा कि वे उन्हें "खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन शॉटगन से भी उनके पास कोई मौका नहीं है"। उन्होंने अपने दो लक्ष्यों का भी ज़िक्र किया: UEFA नेशंस लीग जीतना और 1,000 प्रोफेशनल फुटबॉल गोल पूरे करना।
डिफेंडिंग चैंपियन पुर्तगाल शुक्रवार को लिस्बन में वेल्स के खिलाफ अपने UEFA नेशंस लीग अभियान की शुरुआत करेगा। क्रिस्टियानो, जिन्होंने इस साल अपना आखिरी FIFA वर्ल्ड कप खेला और स्पेन के हाथों राउंड ऑफ 16 में बाहर होकर दुखद अंत किया, 41 साल की उम्र में भी राष्ट्रीय टीम के लिए खेलना जारी रखेंगे, क्योंकि टीम अपने घरेलू मैदान पर 2030 वर्ल्ड कप की तैयारी कर रही है।
मैच से पहले अपने आलोचकों के बारे में बात करते हुए, Goal.com के अनुसार क्रिस्टियानो ने कहा, "मैं हमेशा 100 प्रतिशत ईमानदार नहीं हो सकता, कभी-कभी मुझे पॉलिटिकली करेक्ट (राजनीतिक रूप से सही) होना पड़ता है। ऐसे चैनल हैं जो सालों से मुझे 'खत्म' करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनके पास कोई मौका नहीं है, शॉटगन से भी नहीं। और तब भी मैं गोली से बच जाता हूँ। मुझे इसकी आदत है, मैं 20 साल से यह काम कर रहा हूं: मैं जानता हूं कि मैं कौन हूं, मैं जानता हूं कि बच्चे मुझे रोल मॉडल के तौर पर क्यों देखते हैं, और आलोचक हमेशा रहेंगे।"
रिटायरमेंट को लेकर बड़ा बयान
क्रिस्टियानो ने आगे कहा कि नफरत से उन पर कोई असर नहीं पड़ता और जो लोग उन्हें मैदान पर देखना चाहते हैं, उनसे उन्हें खेलते रहने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा, "वैसे भी, इस बात से मुझे कोई फ़र्क नहीं पड़ता कि कुछ लोग मेरी तारीफ़ नहीं करते, मुझे पुर्तगाली लोगों का प्यार महसूस होता है। मैं सिर्फ वर्तमान के बारे में सोच रहा हूं... मुझे पता है कि बहुत से लोग चाहेंगे कि मैं अभी संन्यास ले लूं, लेकिन मेरी प्रेरणा उन लोगों से आती है जो मुझे खेलते हुए देखना चाहते हैं।"
दिग्गज स्ट्राइकर ने कहा कि पुर्तगाल फ़ुटबॉल फेडरेशन और कोच जॉर्ज जीसस उन पर "भरोसा कर रहे हैं" - यह उनका प्रोफेशनल फ़ुटबॉल में आखिरी साल हो सकता है, जैसा कि उन्होंने पहले कहा था। उन्होंने आगे कहा, "मुझे पता है कि मैं अभी भी बहुत कुछ दे सकता हूँ, न सिर्फ गोल से बल्कि मैदान के बाहर भी। यह मेरा आखिरी साल हो सकता है, लेकिन अगर ऐसा हुआ तो मैं सही समय पर इसकी घोषणा करूंगा।" क्रिस्टियानो, जिन्होंने क्लब और देश के लिए अब तक 979 प्रोफेशनल गोल किए हैं, उन्हें उम्मीद है कि वे 1,000 गोल का आंकड़ा छू लेंगे, लेकिन वे इसे लेकर बहुत ज्यादा परेशान नहीं हैं।
उन्होंने कहा, "मैं 1,000 गोल तक पहुंच जाऊंगा। मैं ऐसा करूंगा, लेकिन मैं इसे जुनून नहीं बना रहा हूं। वरना चीजें वैसी नहीं होतीं जैसा हम चाहते हैं। मैं हर दिन का मजा लेना चाहता हूं। मुझे यकीन है कि मैं इन चार मैचों में पूरे 90 मिनट नहीं खेलूंगा।" उन्होंने अपनी बात खत्म करते हुए कहा, "मेरा मकसद दो हैं: 1,000 गोल तक पहुंचना और नेशंस लीग जीतना। यह एक नया दौर है।"
