ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे मैच में जिम्बाब्वे ने एक अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। सीरीज पहले ही गंवा चुकी जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने जैसे ही टॉस जीता और प्लेइंग इलेवन का ऐलान किया तो जिम्बाब्वे की टीम खास क्लब में शामिल हो गई। जिम्बाब्वे की इस प्लेइंग इलेवन में चार ऐसे खिलाड़ी थे जिनकी उम्र 40 साल से अधिक हो रही थी। ऐसा पहली बार हुआ जब किसी फुल मेंबर टीम के प्लेइंग इलेवन में चार खिलाड़ी 40 प्लस थे। हालांकि, इससे पहले यूएसए के नाम यह रिकॉर्ड है, लेकिन वह फुल मेंबर टीम नहीं है। 2004 चैंपियंस ट्रॉफी मैच के दौरान न्यूजीलैंड के खिलाफ यूएसए ने प्लेइंग इलेवन में 40 प्लस 4 खिलाड़ियों को जगह दी थी।
जिम्बाब्वे की टीम में 4 खिलाड़ी
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे वनडे में जिम्बाब्वे के प्लेइंग इलेवन में कप्तान सिकंदर रजा (40 साल 149 दिन), ग्रीम क्रीमर (40 साल 1 दिन), ब्रेंडन टेलर (40 साल 266 दिन) और क्रेग इरविन (41 साल 32 दिन) शामिल थे। जिम्बाब्वे से साबित किया कि कोई भी क्षेत्र हो वहां उम्र से कोई लेना-देना नहीं होता। आपकी फिटनेस पर निर्भर करता है कि आप कब तक किसी खेल को खेल रहे हैं। इससे पहले ब्रेंडन टेलर ने सबसे लंबे समय तक क्रिकेट खेलने का रिकॉर्ड अपने नाम किया था। उन्होंने सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ा था।
मैच की बात करें तो जिम्बाब्वे ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। जिम्बाब्वे के सामने क्लीन स्वीप से बचने की चुनौती है। इस मुकाबले में सबसे सीनियर खिलाड़ी क्रेग इरविन ने अर्धशतक जड़ा। 69 गेंद में उन्होंने 4 चौके की मदद से अपने अर्धशतक पूरा किया। ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआती दो मुकाबले जीतकर सीरीज पहले ही अपने नाम कर लिए हैं। पहले वनडे मैच में उसने जिम्बाब्वे को 59 रन से हराया था। दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने 84 रन से मुकाबला अपने नाम किया था।
