क्रिकेट

SL vs ZIM T20 Match Highlights: जिंबाब्वे ने श्रीलंका को पटखनी देकर त्रिकोणीय सीरीज में दर्ज की पहली जीत, कप्तान राज के सिर सजा जीत का सेहरा

जिंबाब्वे ने श्रीलंका को त्रिकोणीय सीरीज के दूसरे मुकाबले में 67 रन के अंतर से मात देकर अपनी पहली जीत दर्ज की। टीम की जीत का सेहरा कप्तान सिकंदर रजा के सिर पर सजा। जानिए कैसा रहा मैच के पल पल का हाल।

Image

जिंबाब्वे क्रिकेट टीम (फोटो क्रेडिट Zimbabwe Cricket X)

रावलपिंडी: पाकिस्तान की मेजबानी में खेली जा रही त्रिकोणीय सीरीज के दूसरे मुकाबले में जिंबाब्वे की टीम श्रीलंका पटखनी देने में सफल रही। सीरीज के पहले मुकाबले में जिंबाब्वे को पाकिस्तान के खिलाफ 5 विकेट के अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ सिकंदर रजा की कप्तानी वाली जिंबाब्वे ने शानदार प्रदर्शन किया और पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट पर 162 रन का स्कोर खड़ा किया। इसके बाद जिंबाब्वे के गेंदबाजों ने अपनी जलवा बिखेरा और श्रीलंकाई टीम को 95 रन पर ढेर करके 67 रन के अंतर से मैच अपने नाम कर लिया। यह जिंबाब्वे की किसी भी टेस्ट प्लेइंग नेशन के खिलाफ टी20 में सबसे बड़ी जीत है। जिंबाब्वे की जीत का सेहरा कप्तान सिकंदर रजा के सिर पर सजा। उन्हें मैच जिताऊ ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। रजा ने 47(32) रन की कप्तानी पारी खेलने के बाद 23 रन देकर एक विकेट भी अपने नाम किया।

40 रन पर जिंबाब्वे ने गंवाए 2 विकेट

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी जिंबाब्वे को ब्रायन बेनेट और मुरमनी ने अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने दोनों ने 3 ओवर में 26 रन तेजी से जोड़े लेकिन चौथे ओवर की पहली गेंद पर मुरुमनी(10) का महीष तीक्ष्णा ने अपनी ही गेंद पर कैच लपक लिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए ब्रैंडन टेलर(11) को इशान मलिंगा ने बोल्ड करके दूसरा झटका जिंबाब्वे को दिया। 40 रन पर जिंबाब्वे ने दो विकेट गंवा दिए थे।

रजा और बैनेट ने पहुंचाया 100 के पार

इसके बाद बेनेट और कप्तान रजा ने पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने मिलकर टीम को 100 रन के पार पहुंचा दिया। 13वें ओवर की चौथी गेंद पर ब्रायन बेनेट 49(42) रन बनाकर हसरंगा की गेंद पर कैच दे बैठे। वो अपना अर्धशतक पूरा करने से चूक गए। इसके बाद बर्ल और रजा ने स्कोर को 124 रन तक पहुंचा दिया। ऐसे में हसरंगा ने बर्ल (18) और टोनी मुनयोंगा (0) का चलता कर दिया। 124 रन पर जिंबाब्वे की आधी टीम पवेलियन लौट गई थी। कप्तान रजा एक छोर संभाले हुए थे और वो टीम को 141 रन तक ले गए लेकिन दुष्मंथा चमीरा ने उन्हें अर्धशतक पूरा नहीं करने दिया। रजा 32 गेंद पर 47 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

जिंबाब्वे ने बनाए 8 विकेट पर 162 रन

रजा के आउट होने के बाद जिंबाब्वे की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 162 रन बना सकी। वनिंदु हसरंगा ने सबसे ज्यादा 3 विकेट श्रीलंका के लिए चटकाए। वहीं 2 विकेट इशान मलिंगा ने झटके। एक-एक सफलता महीष तीक्ष्णा और दुष्मंथा चमीरा को मिली।

खराब रही श्रीलंका की शुरुआत, 29 रन पर गंवाए 4 विकेट

जीत के लिए 163 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत खराब रही। पहले ओवर की पांचवीं गेंद पर पथुम निसंका को नागरवा वे पवेलियन वापस भेज दिया। वो अपना खाता भी नहीं खोल सके। इसके बाद कुसल परेरा को मपोसा ने नागरवा के हाथों कैच करा दिया। वो 4 रन बना सके। पॉवरप्ले में श्रीलंका ने 6 ओवर में 25 रन 2 विकेट पर बना लिए थे। ऐसे में कुसल मेंडिस सातवें ओवर की पहली गेंद पर रन आउट हो गए। उन्होंने 6 पन बनाए। श्रीलंका को चौथा झटका भी जल्दी ही भानुका राजपक्षे के रूप में लगा। वो 11 रन बनाकर इवांस की गेंद पर बोल्ड हो गए। 29 रन पर श्रीलंका ने 4 विकेट गंवा दिए और बैकफुट पर नजर आने लगी।

95 रन पर ढेर हई श्रीलंका की टीम

4 विकेट गंवाने के बाद कप्तान दसुन शनाका ने एक छोर संभाला लेकिन दूसरे छोर से विकेट गिरने का सिलसिला नहीं रुका। 52 के स्कोर पर श्रीलंका की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। शनाका भी 75 के स्कोर पर रेयान बर्ल की गेंद पर कैच दे बैठे। श्रीलंकाई बल्लेबाज जिंबाब्वे की कसी हुई गेंदबाजी के खिलाफ पिच पर पैर नहीं जमा सके। पूरी टीम 20 ओवर में 95 रन बनाकर ढेर हो गई। जिंबाब्वे के लिए सबसे ज्यादा 2 विकेट ब्रैड इवांस ने लिए। दो विकेट रिचर्ड नागरवा के खाते में गए। एक-एक सफलता मपोसा, सिकंदर रजा, ग्रेम क्रीमर और रियान बर्ल के खाते में गया।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article