Brendan Taylor Breaks Sachin Tendulkar Record: क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर का एक और बड़ा रिकॉर्ड टूट गया है। जिम्बाब्वे के विकेटकीपर-बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर ने सबसे लंबे वनडे करियर का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। टेलर ने इस मामले में सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ दिया है। दरअसल, टेलर के वनडे करियर को अब 22 साल और 148 दिन हो चुके हैं। उन्होंने मंगलवार को हरारे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे में खेलते ही ये कीर्तिमान बनाया। इससे पहले ये रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम था, जिनका वनडे करियर 22 साल और 91 दिन का रहा था।
सचिन तेंदुलकर का महारिकॉर्ड तोड़ा
अब सचिन इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं, जबकि तीसरे नंबर पर श्रीलंका के सनथ जयसूर्या हैं, जिनका करियर 21 साल 184 दिन का रहा था। हालांकि, सचिन के दो सबसे बड़े रिकॉर्ड अभी भी सुरक्षित हैं। वह अब भी वनडे में सबसे ज्यादा 18,426 रन और सबसे ज्यादा 463 मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं। 40 साल के ब्रेंडन टेलर ने अप्रैल 2004 में श्रीलंका के खिलाफ वनडे डेब्यू किया था और देखते ही देखते जिम्बाब्वे के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज बन गए। मंगलवार के मैच से पहले तक उन्होंने 207 वनडे में 6,704 रन बनाए थे, जिसमें 11 शतक शामिल हैं, जो जिम्बाब्वे के लिए एक रिकॉर्ड है।
संन्यास से वापसी कर फिर खेला क्रिकेट
टेलर ने 2021 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। इसके चार महीने बाद जनवरी 2022 में उन्होंने एक सनसनीखेज खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 2019 में कुछ सटोरियों ने उन्हें कोकीन देकर मैच फिक्सिंग के लिए फंसाने की कोशिश की और बाद में ब्लैकमेल किया। टेलर ने कहा कि उन्होंने कभी मैच फिक्स नहीं किया, लेकिन परिवार की सुरक्षा के डर से ICC को इसकी जानकारी देने में देरी की। इसके चलते उन पर साढ़े तीन साल का बैन लगा दिया गया। बैन खत्म होने के बाद टेलर ने 2025 में संन्यास से वापसी की। जिम्बाब्वे 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी कर रहा है, जिसकी मेजबानी साउथ अफ्रीका और नामीबिया के साथ मिलकर करेगा और टेलर उस टीम का हिस्सा बनना चाहते हैं।
