क्रिकेट

CSK New Coach: चेन्नई के हेड कोच बने जहीर खान, स्टीफन फ्लेमिंग की लेंगे जगह

चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने नए हेड कोच का ऐलान कर दिया है। 18 साल से इस टीम के साथ जुड़े स्टीफन फ्लेमिंग के सक्सेसर के तौर पर जहीर खान को शामिल किया गया है। जहीर इससे पहले मुंबई और लखनऊ जैसी टीम के साथ काम कर चुके हैं।

Image

जहीर खान (साभार-X)

आईपीएल 2027 से पहले चेन्नई सुपर किंग्स ने भारत के पूर्व बाएं हाथ के तेज गेंदबाज जहीर खान को अपना हेड कोच नियुक्त किया है। जहीर लंबे वक्त से जुड़े स्टीफन फ्लेमिंग की जगह लेंगे जिन्होंने आईपीएल 2026 के बाद इस पद को छोड़ दिया है। इस बात की जानकारी चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने एक्स प्लेटफॉर्म पर दी। पोस्ट में लिखा 'बाएं हाथ ने कमान संभाली! चेन्नई सुपर किंग्स के मुख्य कोच के रूप में जहीर खान का स्वागत है! जहीर खान के पास कोचिंग का अच्छा खासा अनुभव है। 2017 में आईपीएल से संन्यास लेने के बाद उन्होंने अलग-अलग टीमों के लिए यह जिम्मेदारी संभाली है।

सबसे पहले 2019 में वह मुंबई इंडियंस टीम के साथ बतौर डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट ऑपरेशन जुड़े। हाल ही में उन्हें आईपीएल 2025 के लिए लखनऊ सुपर जायंट्स का मेंटॉर बनाया गया था, लेकिन उन्होंने अगले सीजन से पहले ही उन्होंने फ्रेंचाइजी छोड़ दी।

सीएसके के साथ जुड़ने पर इस तेज गेंदबाज ने खुशी जाहिर करते हुए कहा 'आईपीएल के इतिहास की सबसे सफल टीमों में से एक का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है। एक क्रिकेटर के तौर पर मैंने सीएसके का सामना मैदान पर किया है और मुझे मुकाबले बेहद पसंद आए हैं। चेपॉक स्टेडियम में सुपरफैंस द्वारा बनाया गया माहौल इसे और भी खास बना देता है। मैं इस समृद्ध इतिहास वाली फ्रेंचाइजी से जुड़ने के लिए बेहद उत्साहित हूं।"

अटकलों पर लगा विराम

जहीर खान के चेन्नई सुपर किंग्स के साथ जुड़ने के साथ ही उन तमाम अटकलों पर भी विराम लग गया है जिसमें कहा जा रहा था कि धोनी अगर आईपीएल 2027 नहीं खेलते हैं तो वह मेंटॉर के तौर पर चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़ सकते हैं। सीएसके की इस घोषणा ने थाला फैंस की उम्मीदों को जगा दिया है कि एकबार फिर उन्हें धोनी को येलो जर्सी में देखने का मौका मिलेगा।

जल्द 48 साल के होने वाले जहीर भारत के लिए 92 टेस्ट, 200 वनडे और 17 टी20 मैच खेले हैं। 2011 विश्व कप अभियान में उन्होंने सर्वाधिक 21 विकेट चटकाए थे जो फैंस कभी भूल नहीं पाएंगे। उनके शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने दूसरी बार वनडे वर्ल्ड कप जीता था। आईपीएल की बात करें तो उनके नाम 100 आईपीएल मैच में 102 विकेट हैं।

Sameer Thakur
समीर कुमार ठाकुरauthor

समीर कुमार ठाकुर टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की स्पोर्ट्स टीम के सदस्य हैं। करीब 10 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ वे न केवल क्रिकेट, बल्कि हॉकी, फुटबॉल, बैडमिंटन और अन्य प्रमुख खेलों की गहरी समझ रखते हैं। खेलों की बारीकियों को पकड़ने, खिलाड़ियों के प्रदर्शन का विश्लेषण करने और मैच परिस्थितियों को सरल व रोचक अंदाज में समझाने की उनकी क्षमता उन्हें स्पोर्ट्स बीट का एक भरोसेमंद पत्रकार बनाती है। जर्नलिज़्म में डिप्लोमा कर चुके समीर ने टीवी मीडिया में भी काम किया है, जिससे उन्हें लाइव न्यूज प्रेजेंटेशन, ब्रेकिंग अपडेट्स और विजुअल स्टोरीटेलिंग का अनुभव मिला। समीर अब तक 10,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव स्पोर्ट्स इंटरव्यू, ऑन-ग्राउंड रिपोर्टिंग और मैच व सीरीज आधारित विश्लेषण शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article