क्रिकेट

टीम इंडिया में नहीं मिल रही जगह, लेकिन इंग्लैंड में युजवेंद्र चहल ने फिर कहर बरपाया, देखिए VIDEO

Yuzvendra Chahal In County Cricket: बेशक भारतीय क्रिकेट में दिग्गज स्पिनर युजवेंद्र चहल को बार-बार नजरअंदाज किया जा रहा है, लेकिन ये अनुभवी गेंदबाज विदेश में अपना जलवा बिखेरकर खुद को साबित करने में जुटा है। अब चहल ने इंग्लैंड में चल रही काउंटी क्रिकेट चैंपियनशिप में 5 विकेट लेकर खलबली मचाई।

Image

युजवेंद्र चहल (Instagram)

KEY HIGHLIGHTS
  • युजवेंद्र चहल का इंग्लैंड में धमाल
  • काउंटी क्रिकेट मैच में शानदार गेंदबाजी से सुर्खियां बटोरीं
  • काफी समय से भारतीय क्रिकेट में हो रहे हैं नजरअंदाज

भारतीय लेग-स्पिनर युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal) ने इंग्लैंड में चल रही काउंटी क्रिकेट चैंपियनशिप में डर्बीशायर के खिलाफ पांच विकेट लेते हुए अपनी टीम नॉर्थम्पटनशायर को मैच में आगे कर दिया है।

भारत के लिए 152 अंतर्राष्ट्रीय विकेट लेने वाले चहल ने 45 रन देकर 5 शिकार किए, चहल के प्रथम श्रेणी करियर का ये सिर्फ तीसरा पांच विकेट हॉल था। साथ ही साथ इस भारतीय लेग-स्पिनर ने प्रथम श्रेणी में 100 विकेट भी हासिल कर लिए। चहल के इस प्रदर्शन की बदौलत नॉर्थम्पटनशायर ने डर्बीशायर के आखिरी छह विकेट केवल 15 रन पर झटके।

स्पिन के लिए मददगार पिच पर चहल ने ज्यादातर ऑफ स्पिनर रॉब कियो के साथ गेंदबाज़ी की, कियो ने भी तीन विकेट अपने नाम किए। इसके बाद बल्ले से भी कियो ने अब तक अहम 46* रन बना लिए हैं और क्रीज़ पर मौजूद हैं। दूसरे दिन का खेल ख़त्म होने तक नॉर्थम्पटनशायर को 232 रन की बढ़त हासिल हो गई है जबकि पांच विकेट शेष हैं।

चहल की गेंदबाज़ी कितनी घातक थी इसका अंदाज़ा इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने अपने पांच ओवर के स्पेल में ही सभी पांच शिकार किए। चहल ने पारी के 52वें ओवर में ऐन्यूरिन डॉनल्ड के तौर पर अपना पहला शिकार किया, इसके बाद पारी के 56वें ओवर में उन्होंने दो विकेट झटके।

पहले ख़तरनाक दिख रहे वेन मैडसन को क्लीन बोल्ड किया और फिर उसी ओवर की पांचवीं गेंद पर जैक चैपल को भी पवेलियन की राह दिखा दी। 62वें ओवर की लगातार दो गेंदों पर चहल ने दो और विकेट लेते हुए अपना पंजा खोला और साथ ही साथ डर्बीशायर की पहली पारी 165 रन पर समेट दी। चहल जब दूसरी पारी में गेंदबाजी आक्रमण पर आएंगे तो वह हैट्रिक पर होंगे क्योंकि पिछली दो गेंदों पर उनके नाम लगातार दो विकेट हैं।

पृथ्वी शॉ का खराब फॉर्म जारी

इस मैच में एक और भारतीय खिलाड़ी खेल रहे हैं, और वह हैं पृथ्वी शॉ। चहल के हमवतन शॉ काउंटी में भी उनके साथ ही हैं - यानी दोनों ही नॉर्थम्पटनशायर का हिस्सा है। हालांकि चहल की तरह शॉ का प्रदर्शन ख़स नहीं रहा, इस मैच की पहली पारी में शॉ ने मैच की पहली गेंद पर चौके से खाता खोला था लेकिन फिर अगली गेंद पर ही आउट हो गए थे। दूसरी पारी में भी शॉ महज़ 2 रन बनाकर हैरी मूर की गेंद पर पगबाधा आउट हो गए।

(IANS)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article