क्रिकेट

'कुलचा' की वापसी: भारत की T20 World Cup टीम में सबसे धमाकेदार एंट्री

Yuzvendra Chahal, Indian Team For T20 World Cup 2024: भारत की टी20 विश्व कप 2024 के लिए टीम का ऐलान कर दिया गया है। इस टीम में कुलदीप यादव को तो जगह मिली ही है, लेकिन इसी के साथ भारतीय टीम में युजवेंद्र चहल की धमाकेदार वापसी हो गई है। यानी भारतीय टीम की मशहूर जोड़ी जिसको 'कुलचा' नाम से भी जानते हैं, वो अब टी20 वर्ल्ड कप में धूम मचाएगी।

Image

कुलदीप और चहल की जोड़ी

KEY HIGHLIGHTS
  • टी20 विश्व कप 2024 के लिए टीम इंडिया घोषित
  • भारतीय क्रिकेट टीम में युजवेंद्र चहल लौटे
  • विश्व कप में मैदान पर दिखेगा 'कुलचा' का जलवा

India Squad T20 World Cup 2024: अजीत अगरकर की अध्यक्ष्ता वाली बीसीसीआई की राष्ट्रीय सीनियर चयन समिति ने आज टी20 विश्व कप 2024 के लिए टीम इंडिया का ऐलान कर दिया। अमेरिका और वेस्टइंडीज में 1 जून से शुरू होने वाले टी20 क्रिकेट के इस सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट के लिए भारत की 15 सदस्यीय टीम घोषित हुई जिसकी अगुवाई रोहित शर्मा (Rohit Sharma) करेंगे। वहीं इस टीम में कई नई एंट्री भी देखने को मिली, लेकिन सबसे धमाकेदार वापसी हुई 'कुलचा' जोड़ी की।

टी20 विश्व कप 2024 में एक बार फिर फैंस युजवेंद्र चहल और कुलदीप यादव की स्पिनर जोड़ी को एक साथ मैदान पर धमाल मचाते देख सकेंगे। इस भारतीय फिरकी जोड़ी को 'कुलचा' नाम से भी पहचाना जाता है। अब तक कुलदीप यादव तो लगातार टीम के सदस्य बने हुए थे, हालांकि बीच में युजवेंद्र चहल को काफी समय तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नजरअंदाज किया जाता रहा।

चहल ने अपना आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला अगस्त 2023 में वेस्टइंडीज दौरे पर खेला था। वो आईपीएल इतिहास में सर्वाधिक विकेट लेने वाले खिलाड़ी हैं। चहल ने हाल ही में आईपीएल में 200 विकेट पूरे किए हैं और अब उनको टीम में वापसी की खुशखबरी भी मिल गई। अब टी20 विश्व कप 2024 में युजवेंद्र चहल 100 अंतरराष्ट्रीय टी20 विकेट भी पूरे कर सकते हैं, वो इस आंकड़े से सिर्फ 4 विकेट दूर हैं।

युजवेंद्र चहल का टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट रिकॉर्ड

मैच- 80

विकेट- 96

औसत- 25.09

बेस्ट प्रदर्शन- 6/25

कुलदीप यादव का टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट रिकॉर्ड

मैच- 35

विकेट- 59

औसत- 14.10

बेस्ट प्रदर्शन- 5/17

टी20 विश्व कप 2024 के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है

रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पांड्या, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज और जसप्रीत बुमराह।

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article