Yashasvi Jaiswal Wins Hearts: भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे यशस्वी जायसवाल ने मैदान के बाहर भी अपने जज्बे और संवेदनशीलता से सभी का दिल जीत लिया है। उन्होंने एक दृष्टिबाधित प्रशंसक रवि की लंबे समय से पल रही ख्वाहिश को पूरा करते हुए उसे ऑटोग्राफ किया हुआ बल्ला भेंट किया, जिसकी चर्चा अब पूरे क्रिकेट जगत में हो रही है।
लीड्स टेस्ट में मिलने की थी दिली तमन्ना
रवि नाम का यह दृष्टिबाधित बच्चा भारत और इंग्लैंड के बीच लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट मैच से ही यशस्वी से मिलने की कोशिश कर रहा था। क्रिकेट को लेकर उसका जुनून और खासतौर पर यशस्वी की बल्लेबाज़ी के प्रति लगाव उसे हर दिन मैदान तक खींच लाता था।अंततः दूसरे टेस्ट के चौथे दिन उसकी यह ख्वाहिश पूरी हुई, जब यशस्वी खुद उससे मिलने पहुंचे और उसे अपने हस्ताक्षर वाला बल्ला उपहार में दिया।
जायसवाल ने दिया दिल से निकला संदेश
इस भावुक क्षण का वीडियो बीसीसीआई ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया है, जिसमें यशस्वी रवि से आत्मीयता के साथ बात करते दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि "हैलो रवि, आप कैसे हैं? मैं यशस्वी हूं, आपसे मिलकर खुशी हुई। मैं आपसे मिलने के लिए वाकई उत्साहित था, क्योंकि मुझे पता है कि आप क्रिकेट के बहुत बड़े फैन हैं। मैं नहीं जानता कि मैं आपसे मिलने को लेकर इतना नर्वस क्यों था।"
इसके बाद उन्होंने अपने ऑटोग्राफ वाला बल्ला निकालकर रवि को सौंपा और कहा कि “मेरे पास आपके लिए एक गिफ्ट है... मेरा बल्ला। मैं चाहूंगा कि आप इसे मेरी याद के रूप में रखें।”बल्ले पर उन्होंने एक व्यक्तिगत संदेश भी लिखा कि- 'रवि को प्यार के साथ शुभकामनाएं।'
रवि ने यशस्वी को बताया भारत का भविष्य
इस प्यारी भेंट से अभिभूत होकर रवि ने भी अपने दिल की बात साझा की। उसने कहा कि 'आपसे मिलकर मुझे बहुत खुशी हुई। बहुत-बहुत धन्यवाद। आप शानदार क्रिकेटर हैं। आप भारतीय क्रिकेट का भविष्य हैं। मुझे क्रिकेट पसंद है और आपकी बल्लेबाजी देखना बहुत अच्छा लगता है'
(भाषा)
