रांची: सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल शनिवार को रांची में खेले जा रहे इंग्लैंड के खिलाफ चौथे मैच के दूसरे दिन एक टेस्ट श्रृंखला में 600 या इससे ज्यादा रन बनाने वाले पांचवें भारतीय बन गये। पिछले साल वेस्टइंडीज दौरे पर पदार्पण करने वाले बायें हाथ के बल्लेबाज जायसवाल ने मौजूदा पांच मैच की टेस्ट श्रृंखला में अपनी सातवीं पारी के दौरान यह उपलब्धि अंतिम सत्र में शोएब बशीर पर एक रन लेकर नाबाद 55 रन तक पहुंचने के बाद हासिल की। जायसवाल ने मौजूदा श्रृंखला के दूसरे और तीसरे टेस्ट में दो दोहरे शतक जमाये हैं। इस तरह 22 साल का यह खिलाड़ी एक टेस्ट श्रृंखला में 600 से ज्यादा रन बनाने के कारनामे में भारत के महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर, विराट कोहली, राहुल द्रविड़ और दिलीप सरदेसाई के साथ शामिल हो गया।
एक सीरीज में 600+ रन बनाने वाले पांचवें भारतीय
पूर्व भारतीय कप्तान गावस्कर, कोहली और द्रविड़ ने अपने करियर में एक टेस्ट श्रृंखला में दो बार 600 से ज्यादा रन बनाये। वहीं सरदेसाई ने यह उपलब्धि 1970-71 में वेस्टइंडीज में हुई श्रृंखला में हासिल की थी। गावस्कर ने 1970-71 की इस श्रृंखला में ही चार शतक और तीन अर्धशतकों से 774 रन जुटाकर एक टेस्ट श्रृंखला में किसी भारतीय बल्लेबाज का सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया था। गावस्कर ही एकमात्र भारतीय हैं जो एक टेस्ट श्रृंखला में दो मौकों पर 700 से ज्यादा रन जुटा सके हैं। ‘लिटिल मास्टर’ ने 1978-79 में वेस्टइंडीज के भारत दौरे पर चार शतक और एक अर्धशतक से छह टेस्ट में 732 रन बनाये थे। एक टेस्ट श्रृंखला में सर्वाधिक रन बनाने का विश्व रिकॉर्ड आस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज डॉन ब्रैडमैन के नाम है जिन्होंने 1930 में इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट में चार शतकों से 974 रन बनाये थे।
मौजूदा सीरीज में 100 के औसत से बनाए हैं रन
यशस्वी का बल्ला इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज में जमकर चला है। 80 रन की पारी के साथ सीरीज का आगाज करने के बाद यशस्वी ने सीरीज में पीछे मुड़कर नहीं देखा है। हैदराबाद में यशस्वी ने 80, 15, विशाखापट्टनम में 209,17 और राजकोट में 10, 214* रन की पारी खेली थी। अब रांची में पहली पारी में यशस्वी 73 रन बनाकर आउट हुए। सीरीज में 3 टेस्ट की 7 पारियों में एक बार नाबाद रहते हुए यशस्वी ने 103 के औसत से 618 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से 2 शतक और 2 अर्धशतक निकले हैं। सबसे रोचक बात यह है कि उनके बाद सीरीज में दूसरे सबसे सफल बल्लेबाज बेन डकेट हैं जिनके खाते में 299 रन हैं। पहले और दूसरे स्थान पर काबिज बल्लेबाजों के बीच 317 रन का अंतर है।
(भाषा इनपुट के साथ)
